दोहरा हत्याकांड: हत्यारोपी अजय प्रताप सिंह की 11 दुकानें जमींदोज, 52 दुकानों पर होनी है कार्रवाई

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बदायूं, अमृत विचार। दातागंज स्थित एचपीसीएल प्लांट में घुसकर दो अधिकारियों की हत्या करने के आरोपी अजय प्रताप सिंह की 11 दुकानों पर बुलडोजर चल गया है। प्रशासन से दो जेसीबी से दुकानों को जमींदोज कर दिया। इस दौरान लोग अपनी दुकान से सामान निकलकर ले जाते नजर आए। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल और पीएसी के जवान तैनात किए गए थे। आरोपी के परिवार की 52 दुकानों पर कार्रवाई की जानी हैं। 

प्लांट के उप महाप्रबंधक सुधीर गुप्ता और सहायक मुख्य प्रबंधक हर्षित मिश्रा की 12 मार्च को दिन दहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। प्रशासन ने आरोपी और उसके परिवार के लोगों की अवैध रूप से सैंजनी-हजरतपुर-म्याऊं मार्ग पर बनाए गए भवन चिंह्नित किए। लोक निर्माण और राजस्व विभाग ने जांच करके दुकानें खाली कराकर नोटिस जारी किए गए थे। प्रशासन के अनुसार आरोपी ने फर्जी कागजात के लिए खुद और अपने परिवार के नाम पर सरकारी जमीन पर कब्जा करके भवन बनवा लिए थे। 

जो किराए पर दे रखे थे। जिनसे हजारों रुपये महीने की आमदनी होती थी। मंगलवार सुबह एसडीएम दातागंज धर्मेंद्र कुमार दो जेसीबी और पुलिस बल के साथ गांव सैंजनी पहुंचे। अवैध दुकानों के दोनों ओर पुलिस और पीएससी की तैनाती करके आवागमन रुकवाया। कहीं बैरिकेटिंग तो कहीं अधिकारियों की गाड़ियों से रास्ता रोका गया। धीरे-धीरे करके जेसीबी से 11 अवैध दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया। प्रशासन के अनुसार उसके परिवार की 52 और दुकानें हैं। वह भी अतिक्रमण की जद में आ रही हैं।

बंजर जमीन पर बनवाई दुकानें भी होंगी ध्वस्त
प्रशासन की जांच में सामने आया है कि आरोपी और उसके परिवार के लोगों ने सरकारी बंजर जमीन पर भी कब्जा किया है। वहां भी अवैध रूप से दुकानें बनवाई गई हैं। तहसील प्रशासन ने उन दुकानों को भी खाली कराकर सीज कर दिया है। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। जिसके बाद नोटिस जारी करके ध्वस्तीकरण की कार्रवाई हो सकती है।

घर पर बिना अवैध बिजली कनेक्शन
शासन की सख्ती के बाद प्रशासन ने आरोपी के खिलाफ सख्ती तेज कर दी है। मंगलवार को अवैध अतिक्रमण ध्वस्त किया गया है। वहीं बिजली चोरी का मामला भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि आरोपी और उसके परिवार का साम्राज्य आधे गांव में फैला है। उसके घर में बिजली का अवैध कनेक्शन भी मिला है। जिसकी रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी है।

एसडीएम दातागंज धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि अतिक्रमण चिह्नित करके नोटिस जारी किए गए थे। अतिक्रमण खुद हटाने के लिए समय भी दिया गया था। दो दिन पहले दुकानें खाली करा ली गई थीं। मंगलवार को अवैध रूप से बनाई दुकानें ध्वस्त की गई हैं। जांच में पता चला है कि आरोपी ने बंजर जमीन पर भी दुकानें बनवाई हैं। जिन्हें खाली कराकर सीज कर दिया गया है। इसमें धारा 67 की कार्रवाई करनी पड़ती है। मुकदमा दर्ज किया जाएगा। आदेश के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार