ट्रंप के आगे ईरान ने रखी शर्त... कहा- अमेरिका के साथ होने वाली बातचीत में उपराष्ट्रपति जेडी वेंस हो मुख्य वार्ताकार
तेहरान/वाशिंगटन: अमेरिका और ईरान के बीच चल रही तनावपूर्ण स्थिति में एक नया कूटनीतिक मोड़ आया है। सूत्रों के मुताबिक, ईरान ने अमेरिकी प्रशासन को स्पष्ट संदेश दिया है कि वह विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुश्नर के साथ फिर से बातचीत नहीं करना चाहता। इसके बजाय तेहरान सीधे उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के साथ वार्ता करने की इच्छा जता रहा है, क्योंकि उसे वेंस का रुख अन्य नेताओं की तुलना में अपेक्षाकृत नरम और युद्ध-विरोधी लगते हैं।
विटकॉफ और कुश्नर के साथ कोई फायदा नहीं
ईरान का मानना है कि विटकॉफ और कुश्नर के साथ पुरानी बातचीत टूटने के बाद विश्वास की भारी कमी हो गई है। उसके बाद इजरायल और अमेरिका की सैन्य कार्रवाई से स्थिति और बिगड़ गई। क्षेत्रीय सूत्रों के हवाले से CNN ने बताया कि ईरानी प्रतिनिधियों ने बैक चैनल के जरिए यह संदेश भेजा है कि इन दोनों के साथ नई वार्ता बेकार साबित होगी।
दूसरी ओर, जेडी वेंस को ईरान विटकॉफ, कुश्नर और विदेश मंत्री मार्को रुबियो से ज्यादा संतुलित नेता मान रहा है। तेहरान का ख्याल है कि वेंस युद्ध को जल्द खत्म करने के पक्ष में हैं और इस दिशा में गंभीर प्रयास कर सकते हैं। वेंस को आमतौर पर ऐसे नेता के रूप में देखा जाता है जो बिना वजह युद्ध की वकालत नहीं करते।
ट्रंप बोले- पूरी टीम शामिल है
मंगलवार को राष्ट्रपति ट्रंप ने खुद कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत चल रही है। उन्होंने स्पष्ट किया, “बातचीत में जेडी वेंस, मार्को रुबियो, जेरेड कुश्नर, स्टीव विटकॉफ और मैं खुद शामिल हैं।” ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका ने इस जंग को जीत लिया है और ईरान की नौसेना व वायुसेना बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है।
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलाइन लीविट ने CNN से कहा कि बातचीत कौन करेगा, यह फैसला सिर्फ राष्ट्रपति ट्रंप का है। उन्होंने जोर देकर कहा, “राष्ट्रपति ट्रंप और सिर्फ राष्ट्रपति ट्रंप ही तय करते हैं कि अमेरिका की ओर से कौन बातचीत करेगा।”
क्या है पूरा मसला?
यह घटनाक्रम 15-सूत्रीय युद्धविराम प्रस्ताव और पाकिस्तान की मध्यस्थता की पृष्ठभूमि में आया है। ईरान अभी भी विश्वास बहाली पर जोर दे रहा है, जबकि अमेरिका अपनी सैन्य तैयारियां तेज रखे हुए है। दोनों पक्षों के बीच बातचीत के रास्ते खुले हैं, लेकिन ईरान स्पष्ट रूप से वेंस को पसंदीदा चेहरा बता रहा है।
