बेटियां सुरक्षित-व्यापारी बेखौफ, मिट्टी में मिल गए माफिया... सीएम योगी फिर बोले- छेड़छाड़ करने पर यमराज का टिकट

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

देवरिया में 655 करोड़ की लागत से 19 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास

लखनऊ/देवरिया, अमृत विचार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2017 से पहले की कानून व्यवस्था पर हमला बोलते हुए कहा कि हर जिले में माफिया सक्रिय थे। त्योहारों पर उपद्रव, गरीबों की जमीनों पर कब्जा, बेटियों और व्यापारियों में भय का माहौल था। आज बेटियां सुरक्षित हैं और व्यापारी बेखौफ। कोई भी गुंडा टैक्स वसूलने की हिम्मत नहीं कर सकता क्योंकि माफिया मिट्टी में मिल गए। योगी ने चेताया कि यदि कोई शोहदा छेड़छाड़ का दुस्साहस करेगा तो यमराज उसका टिकट काटने के लिए तैयार बैठे हैं।

मुख्यमंत्री योगी शुक्रवार को देवरिया में 655 करोड़ रुपये की लागत से 19 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करने को बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कहा कि यह सरकार समस्याओं को टालने वाली नहीं, बल्कि समाधान देने वाली सरकार है। हम समस्याएं नहीं, समाधान देते हैं, तभी जनता जनार्दन हमें चुनती है। आज उत्तर प्रदेश की पहचान बदल चुकी है।

“वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया” की जगह “वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज” और “वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट” ने ले ली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और उत्तर प्रदेश ने विकास की नई गति पकड़ी है और अब विकास की यह यात्रा रुकने वाली नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देवरिया की जनता ने 2022 चुनाव में भाजपा को सातों विधानसभा सीटें जिताकर बड़ा समर्थन दिया।

इसलिए सरकार देवरिया की किसी भी विकास परियोजना को रुकने नहीं देगी। उन्होंने पूर्व सपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि तब मोहन सिंह सेतु के लिए केवल “टोकन मनी” दी गई थी, जबकि अब सरकार समयबद्ध तरीके से पुल निर्माण पूरा कराएगी और धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

इस अवसर पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, राज्य मंत्री ग्राम्य विकास विजय लक्ष्मी गौतम, सांसद शशांक मणि, विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी, विधायक सुरेंद्र चौरसिया, विधायक सभाकुंवर कुशवाहा, विधायक दीपक कुमार मिश्र "शाका", विधायक जय प्रकाश निषाद, डॉ रतनपाल सिंह आदि उपस्थित रहे।

सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का हुआ पुनर्जागरण

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश की पहचान गुंडों व माफियाओं से होती थी, लेकिन आज पूरे देश में यूपी का नाम सम्मान व गर्व के साथ लिया जाता है। यूपी विरासत और विकास, दोनों का संगम बन चुका है। अयोध्या, काशी, मथुरा-वृंदावन, नैमिषारण्य, विंध्यधाम, प्रयागराज और कुशीनगर का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का पुनर्जागरण हुआ है।

गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे से लिंक होगा देवरिया

देवरिया फोर लेन कनेक्टिविटी से जुड़ चुका है। यहां से गोरखपुर पहुंचने का समय घट गया है। देवरिया से बलिया तक सड़क परियोजनाएं आगे बढ़ रही हैं। देवरिया-कसया फोर लेन मार्ग और बाईपास बनने से न केवल यातायात आसान होगा, बल्कि यह नॉर्थ-साउथ कनेक्टिविटी का बड़ा हिस्सा बनेगा। यह मार्ग देवरिया को मऊ, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, वाराणसी व लखनऊ से जोड़ेगा और गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे से भी लिंक होगा। इससे पूर्वांचल की कनेक्टिविटी नई ऊंचाई पर पहुंचेगी।

संबंधित समाचार