Kanpur News: कानपुर में 1600 GST घोटाले का पर्दाफाश, मास्टरमाइंड फिरोज को पुलिस ने किया गिरफ्तार
कानपुर। कानपुर के श्याम नगर क्षेत्र में फरवरी माह में हुई डकैती की घटना के अनावरण के दौरान पुलिस जांच में एक बड़े जीएसटी फ्रॉड नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार इस मामले में लगभग 1600 करोड़ रुपये के जीएसटी घोटाले के तथ्य सामने आए हैं।
पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि प्रारंभिक स्तर पर मामले में मुकदमा दर्ज कराने में कठिनाइयां आ रही थीं, लेकिन पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई करते हुए घटना का सफल अनावरण किया गया। जांच के दौरान महफूज नामक व्यक्ति का नाम सामने आया, जिसके माध्यम से बड़े पैमाने पर जीएसटी फ्रॉड का खुलासा हुआ।
जांच में पता चला कि गिरोह मुख्य रूप से स्लॉटरिंग के लिए जाने वाली भैंसों तथा स्क्रैप कारोबार से संबंधित फर्जी फर्म बनाकर बोगस बिलिंग और फर्जी इनवॉइस तैयार करता था। इन गतिविधियों के जरिए राजस्व को भारी क्षति पहुंचाई जा रही थी। पुलिस ने इस प्रकरण में फिरोज खान नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जो स्वयं को जीएसटी अधिवक्ता बताता था।
पुलिस के अनुसार फिरोज खान फर्जी फर्मों के संचालन, जीएसटी पंजीकरण, बोगस बिल तैयार कराने तथा जीएसटी लाभ के दुरुपयोग में अहम भूमिका निभा रहा था और पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। अभियुक्त फिरोज खान के खिलाफ कुल चार मुकदमे दर्ज हैं। जांच में नूर आलम, संजीव दीक्षित तथा अन्य सहयोगियों की संलिप्तता भी सामने आई है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
