पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा : तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर कंटेनर में घुसी, पांच लोगों की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शनिवार अपराह्न हुए भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि स्विफ्ट डिजायर कार तेज गति से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर जा रही थी। माइलस्टोन-238 के पास कार अचानक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे कंटेनर ट्रक से पीछे से टकरा गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर डायल-112 और थाना कंधरापुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला।

घटना की सूचना मिलने पर एसपी ट्रैफिक भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। दुर्घटना के कारण एक्सप्रेस-वे पर कुछ समय तक यातायात बाधित रहा। बाद में क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया गया। पुलिस ने बताया कि मृतकों की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।

संबंधित समाचार