Kanpur News: मंत्री कपिल देव ने किया आईटीआई कानपुर का निरीक्षण, प्रशिक्षण को लेकर दिए ये अहम निर्देश
कानपुर। उत्तर प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने शुक्रवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) कानपुर का निरीक्षण कर प्रशिक्षण व्यवस्थाओं, संसाधनों और निर्माण कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने संस्थान में संचालित विभिन्न व्यवसायों एवं प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया।
उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों से संवाद कर उनके कौशल विकास, प्रशिक्षण अनुभव तथा भविष्य की रोजगार संभावनाओं की जानकारी ली। मंत्री अग्रवाल ने विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने और उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप अपने कौशल को विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि कौशल विकास संस्थानों का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि युवाओं को रोजगारपरक और व्यवहारिक ज्ञान प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संस्थान में मौजूद समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनका स्थलीय निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षार्थियों को बेहतर प्रशिक्षण वातावरण, आधुनिक संसाधन और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। अग्रवाल ने संस्थान परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों से संबंधित अभिलेखों एवं पत्रावलियों का भी अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए सभी प्रशिक्षण संस्थानों को अधिक प्रभावी ढंग से कार्य करने की आवश्यकता है। निरीक्षण के दौरान संयुक्त निदेशक आर.के. मौर्य, प्रधानाचार्य हरीश मिश्रा, प्रधानाचार्य मयंक मिश्रा, मीडिया प्रभारी अजय कुमार द्विवेदी, संदीप कुमार, मोहित श्रीवास्तव सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
