Barabanki News : मकानों के सूचीकरण कार्य का एडीएम ने किया निरीक्षण, कर्मचारियों को दिए अहम निर्देश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। जिलाधिकारी व प्रमुख जनगणना अधिकारी ईशान प्रताप सिंह के निर्देशन में शुक्रवार से शुरू हुए भारत की जनगणना-2027 के तहत मकानों के सूचीकरण एवं गणना कार्यों का अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह ने स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने शहर के आजाद नगर वार्ड स्थित वर्मा कोठी व स्वर्गीय केडी सिंह बाबू की पुस्तैनी हवेली पहुंचकर प्रगणकों व सुपरवाइजरों द्वारा किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया। 

निरीक्षण के दौरान एडीएम ने निर्देश दिए कि प्रत्येक भवन का विवरण पूरी सावधानी, शुद्धता और पारदर्शिता के साथ दर्ज किया जाए। उन्होंने कहा कि जनगणना देश की महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं सांख्यिकीय प्रक्रिया है, जिससे विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी नीतियों के लिए सटीक आंकड़े प्राप्त होते हैं। उन्होंने सुपरवाइजरों को प्रगणकों के कार्यों की नियमित निगरानी करने और किसी भी त्रुटि पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 

साथ ही आमजन से अपील की कि वे सही एवं पूर्ण जानकारी देकर प्रशासन का सहयोग करें। जनपद में जनगणना कार्य के लिए 6043 प्रगणक और 1014 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। इस दौरान तहसीलदार नवाबगंज भूपेंद्र विक्रम सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका नवाबगंज संजय शुक्ला सहित संबंधित अधिकारी, प्रगणक और सुपरवाइजर मौजूद रहे।

संबंधित समाचार