गोरखनाथ मंदिर में दिखा भावुक पल
4 साल की यशस्विनी का सरप्राइज गिफ्ट देख हंस पड़े मुख्यमंत्री
लखनऊ/गोरखपुर, अमृत विचार : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गोरखनाथ मंदिर में एक नन्ही बच्ची ने ऐसा अनोखा गिफ्ट दिया कि वे खुद भी मुस्कुराए बिना नहीं रह सके। कानपुर से आई चार वर्षीय यशस्विनी सिंह ने मुख्यमंत्री को एक छोटा सा ‘बुलडोजर’ (खिलौना) भेंट किया।
शुक्रवार सुबह मंदिर परिसर में भ्रमण के दौरान सीएम योगी की नजर यशस्विनी पर पड़ी, जो अपने माता-पिता के साथ दर्शन करने आई थी। मुख्यमंत्री ने उसे पास बुलाकर चॉकलेट दी और प्यार से बातचीत की।
बातचीत के दौरान यशस्विनी ने मुख्यमंत्री से कहा, “आपके लिए गिफ्ट लाए हैं, पहले आंखें बंद करिए।” सीएम योगी ने मुस्कुराते हुए उसकी बात मान ली। इसके बाद बच्ची ने उनके हाथों में एक छोटा सा बुलडोजर रख दिया। गिफ्ट देखते ही मुख्यमंत्री और वहां मौजूद लोग हंस पड़े। बच्ची यशस्विनी ने मासूमियत से कहा कि आपको बुलडोजर पसंद है, इसलिए वह यह गिफ्ट लाई है। बच्ची की इस बात ने माहौल को और भी खुशनुमा बना दिया। कन्या पूजन में भी शामिल कर मुख्यमंत्री ने उसके पांव भी पखारे।
कानपुर से आई थी आशीर्वाद लेने यशस्विनी सिंह कानपुर के एक स्कूल में नर्सरी की छात्रा है और अपने माता-पिता के साथ गोरखनाथ मंदिर में दर्शन के लिए आई थी। मुख्यमंत्री से मिलकर वह काफी खुश नजर आई।
मंदिर परिसर में दिखा मानवीय चेहरा
मुख्यमंत्री अक्सर बच्चों को चॉकलेट देकर उनके साथ संवाद करते हैं। इस बार एक मासूम के सरप्राइज गिफ्ट ने उनके चेहरे पर मुस्कान बिखेर दी और यह पल वहां मौजूद लोगों के लिए यादगार बन गया।
