बरेली : स्वच्छता और बीमारियों से बचाव के लिए जागरूक किया
बिथरी चैनपुर के गांव डोहरिया में सात शिविर का हुआ समापन
बरेली, अमृत विचार। बरेली इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के फैकल्टी ऑफ एलाइड एंड हेल्थ केयर साइंसेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस यूनिट थर्ड) की ओर से बिथरी चैनपुर के गांव डोहरिया में सात दिवसीय शिविर का समापन हुआ। स्वयंसेवकों ने स्वच्छता और बीमारियों से बचाव के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया।
स्वयंसेवकों ने पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, वित्तीय साक्षरता एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े विषयों पर अभियान चलाया। रैलियों के साथ घर-घर संपर्क एवं संवाद के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छ जीवनशैली अपनाने, बीमारियों से बचाव, डिजिटल लेन-देन की सुरक्षा, बच्चों की शिक्षा तथा कुरीतियों के प्रति जागरूक किया। स्वर्णिमा सिंह ने महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के विषय में ग्रामीणों को जागरूक किया, वहीं मनीषा सक्सेना ने स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के महत्व को समझाया। महिमा तिवारी ने पर्यावरण संरक्षण एवं पौधारोपण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। जबकि श्रेया भारद्वाज ने शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया। सुजाता कटियार ने वित्तीय साक्षरता एवं डिजिटल भुगतान की सुरक्षा के संबंध में उपयोगी जानकारी प्रदान की।
प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सेवा भावना का विकास करते हैं। शैक्षणिक प्रभारी डॉ. अमरनाथ शर्मा ने स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना की। ग्राम प्रधान नेत्रपाल व विद्यालय की प्रधानाचार्य मंजू सिंघल ने इस प्रकार के शिविर को ग्रामीणों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी अंकित कुमार के निर्देशन में हुआ।
