शारदा नगर विस्तार योजना में 200 करोड़ से बनाये जाएंगे 848 फ्रैंडली मकान,एलडीए की 187वीं बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पास

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 5148 करोड़ का बजट पास

लखनऊ, अमृत विचार : मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में शुक्रवार को लखनऊ विकास प्राधिकरण की 187वीं बोर्ड बैठक प्राधिकरण के पारिजात सभागार में हुई। जिसमें प्राधिकरण के वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 5,148 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी गई। साथ ही कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई। शारदा नगर विस्तार योजना में अफोर्डेबल हाउसिंग स्कीम के तहत 200 करोड़ रुपये से 848 फ्रैंडली मकान बनाने का निर्णय लिया गया। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि डालीबाग स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल आवासीय योजना के लोकार्पण के समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आम नागरिकों के लिए बजट में फ्रैंडली आवास उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। प्रधानमंत्री आवास कालोनी के पास इसके निर्माण के लिए 12,494 वर्गमीटर भूमि चिन्हित की गई है।

बैठक में एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार, सचिव विवेक श्रीवास्तव, अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा एवं सीपी त्रिपाठी, वित्त नियंत्रक दीपक सिंह, मुख्य नगर नियोजक केके गौतम, मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह, प्राधिकरण बोर्ड के सदस्य पीएन सिंह एवं पुष्कर शुक्ला समेत अन्य अधिकारी व अभियंता उपस्थित रहे।

वन बीएचके के 156 और टू बीएचके के 692 फ्लैट बनेंगे

एलडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि योजना में 12 मंजिल के 4 टाॅवरों में कुल 848 फ्लैट्स निर्मित किये जाएंगे। इसमें वन बीएचके के 40 वर्गमीटर क्षेत्रफल के 156 फ्लैट होंगे। 2 बीएचके के 55 वर्गमीटर क्षेत्रफल के 692 फ्लैट्स बनाये जाएंगे। योजना में स्वच्छ जल एवं विद्युत आपूर्ति, स्टिल्ट पार्किंग, लिफ्ट, पार्क, किड्स प्ले एरिया समेत अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।

ले-आउट में करा सकेंगे संशोधन

उपाध्यक्ष ने बताया कि सीजी सिटी, ऐशबाग योजना और रिफा-ए-आम योजना के ले-आउट (तलपट मानचित्र) में संशोधन और पुनर्नियोजन के प्रस्ताव को बैठक में मंजूरी मिल गयी है। अंसल प्रॉपर्टीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर की हाईटेक टाउनशिप में एफएसआई के तहत बेचे गए भूखंडों के मानचित्रों को मंजूरी देने का प्रस्ताव भी पास किया गया है। ऑनलाइन बिल्डिंग प्लान अप्रूवल सिस्टम (ओबीपास) में मानचित्र स्वीकृति शुल्क को वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए संशोधित करने के प्रस्ताव पर मुहर लग गई है। उप्र शहरी पुनर्विकास नीति-2026 लागू करने का निर्णय पास हो गया।

पारिजात एवं पंचशील अपार्टमेंट के दाम नहीं बढ़ेंगे

गोमती नगर योजना में आशियाना बनाने की चाहत रखने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। गोमती नगर स्थित पारिजात अपार्टमेंट और पंचशील अपार्टमेंट के फ्लैटों की कीमत एलडीए 1 वर्ष तक नहीं बढ़ाएगा। इससे लोग पुरानी दरों पर फ्लैट खरीद सकेंगे। इसके अलावा एलडीए से आवंटित इंप्रूवमेंट ट्रस्ट की संपत्ति पर निर्माण के लिए नई भवन निर्माण उपविधि-2025 को लागू करने का प्रस्ताव बैठक में पास किया गया है।

अनंत नगर के प्रभावितों को राहत

एलडीए की अनंत नगर (मोहान रोड) आवासीय योजना से प्रभावित लोगों को एलडीए बड़ी राहत देने जा रहा है। योजना के ग्राम कलियाखेड़ा एवं प्यारेपुर में कुछ लोगों द्वारा प्राधिकरण की अर्जित भूमि पर अवैध रूप से भवनों का निर्माण करा लिया गया था। प्राधिकरण ने उक्त निर्माण ध्वस्त कर दिए थे। प्राधिकरण उक्त भवनों में निवास करने वाले परिवारों को देवपुर पारा स्थित अटल नगर आवासीय योेजना में निर्धारित नियम व शर्तों पर आवासीय सुविधा उपलब्ध कराएगा। बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल गयी।

चार आवासीय योजनाओं में जमीन खरीदने के लिए 1600 करोड़

उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि प्राधिकरण ने आईटी सिटी, वेलनेस सिटी, नैमिष नगर व वरूण विहार के लिए जमीन खरीदने एवं अर्जन के लिए 1,600 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया है। इससे शहर में नयी आवासीय योजनाओं को शुरू करने और अधूरी योजनाओं को पूरा करने में तेजी आएगी। आवासीय योजनाओं में विकास एवं अनुरक्षण कार्यों के लिए 1,298 करोड़ रुपये का बजट में प्रावधान किया गया है। अवस्थापना सुविधाओं पर 200 करोड़ रुपये खर्च किये जाएंगे।

400 करोड़ से ग्रीन काॅरिडोर को रफ्तार

लखनऊ विकास प्राधिकरण की महत्वकांक्षी परियोजना ग्रीन काॅरिडोर को रफ्तार मिलेगी। प्राधिकरण ने बोर्ड में ग्रीन काॅरिडोर के लिए 400 करोड़ रुपये का बजट पास किया है। शहर में नये पार्क विकसित करने और पुराने पार्कों के अनुरक्षण के लिए 60 करोड़ रुपये खर्च होंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना-2.0 के अंतर्गत नये भवनों के निर्माण के लिए भी बजट आवंटित किया गया है।

गोमती नगर विस्तार में बनेगा सामुदायिक केंद्र

एलडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि आवंटियों की सुविधा के लिए गोमती नगर विस्तार में सरस्वती अपार्टमेंट के पास उपलब्ध अतिरिक्त भूमि पर सामुदायिक केंद्र बनाया जाएगा। इस प्रस्ताव को बैठक में पास किया गया। इसके अलावा सेक्टर-6 में कुछ भूखंडों के सामने प्रस्तावित 45 मीटर चौड़ी सड़क को घटाकर 9 मीटर किया जाएगा। शेष भूमि पर व्यावसायिक और आवासीय भूखंड काटे जाएंगे।

संबंधित समाचार