UP Board Result 2026: 25 अप्रैल को आएगा बड़ा ऐलान, अंतिम चरण में मूल्यांकन

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाओं की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य अब अंतिम चरण में हैं। प्रदेश भर में औसत 67 प्रतिशत से अधिक मूल्यांकन कार्य पूरा किया जा चुका है। जबकि लखनऊ मंडल में 73 प्रतिशत उत्तरपुस्तिकाएं मूल्यांकित की जा चुकी है। मूल्यांकन कार्य 18 मार्च को प्रारंभ किया गया था जिसकी समय सीमा 1 अप्रैल निर्धारित की गई है।

यूपी बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि इस बार परीक्षा परिणाम अप्रैल के अंतिम सप्ताह में 25 अप्रैल को जारी किए जाने की संभावना जताई जा रही है। प्रदेश भर में बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की तकरीबन 50 लाख से अधिक विद्यार्थियों की कॉपियों का मूल्यांकन होना है।

यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने बताया कि 18 मार्च से मूल्यांकन का कार्य प्रदेश के 254 केंद्रों पर चल रहा है। गत बुधवार को लखनऊ मंडल के 23 मूल्यांकन केंद्रों पर कुल 2,80,6,62 उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। अबतक कुल 16,86,4,37 उत्तर पुस्तिकाएं के मूल्यांकन का कार्य पूरा किया जा चुका है।

मंडलीय कंट्रोल रुम प्रभारी डॉ. दिनेश कुमार के अनुसार मंडल में मूल्यांकन कार्य का 73.22 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है और इसे समयसीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया जाएगा।

 

संबंधित समाचार