Moradabad: बारिश ने बिगाड़ी शहर की सूरत...कई इलाकों में जलभराव से लोग हलकान 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। एक दिन की बारिश में महानगर की सूरत बिगड़ गई है। टूटी सड़कों के गड्ढों में पानी भरने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। सड़कों पर नाले की गंदगी व कीचड़ स्मार्ट सिटी को मुंह चिढ़ा रही है। मुख्य सड़कों के अलावा कॉलोनियों की गलियों में भी गंदगी है।

गुरुवार को रुक रुक कर और शुक्रवार को तेज बारिश से शहर का हाल बदसूरत हो गया है। स्मार्ट सिटी की सफाई व्यवस्था की पोल कुछ घंटों के बारिश ने खोल कर रख दिया। ईदगाह में जहां पानी भरने से नमाजियों को परेशानी हुई वहीं आसपास के क्षेत्रों में कई जगह नालियां गंदी पड़ी रहीं। इसके अलावा शहर के कई कॉलोनियों आशियाना फेज एक और दो, रामगंगा विहार की टूटी सड़कों के गड्ढों में पानी भरने से वाहनों की आवाजाही के दौरान लोग संभलकर चल रहे हैं। 

गड्ढों में भरे बारिश और नाली के पानी की छीटें वाहनों से होकर लोगों के शरीर पर पड़ रहे हैं। सड़क पर ही कई जगह नाली का कचरा पसरा है। टूटी सड़क नागरिकों को दर्द दे रही है। आशियाना फेज एक की मुख्य सड़क पर कई नर्सिंग होम है, एंबुलेंस भी हिचकोले खाते हुए नर्सिंग होम तक पहुंच रहे हैं। आशियाना कॉलोनी में एमडीए व नगर निगम के कई अधिकारी रहते हैं फिर भी न तो सफाई की व्यवस्था दुरूस्त है न सड़कों की दशा ठीक है।

 इन क्षेत्रों में क्लीन मुरादाबाद क्लीन मुरादाबाद की संकल्पना गंदगी व कीचड़ में धुल जा रही है। ईद के अवकाश के चलते शनिवार को सफाई कर्मचारियों ने कॉलोनी में झांकने की भी जहमत नहीं उठाई। रविवार को भी इसकी सफाई होनी मुश्किल है।जिससे लोगों को गंदगी व कीचड़ में गुजरना मजबूरी है।

संबंधित समाचार