विदेशी खिलाड़ियों की मौजूदगी से सजेगा फ्रेंड्स कप टेनिस टूर्नामेंट, कुल 180 खिलाड़ी लेंगे भाग

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : विजयंत खंड स्टेडियम स्थित टेनिस कोर्ट में शनिवार से फ्रेंड्स कप आईटीएफ एमटी-100 टेनिस टूर्नामेंट का आगाज होगा। इस प्रतियोगिता में देश-विदेश के कुल 180 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जिनमें 18 महिला खिलाड़ी भी शामिल हैं।

टूर्नामेंट निदेशक व फ्रेंड्स क्लब एसोसिएशन के अध्यक्ष पुष्कर मिश्रा ने बताया कि फ्रेंड्स कप का उद्देश्य टेनिस को केवल प्रतिस्पर्धा तक सीमित न रखकर इसे स्वास्थ्य, मित्रता और सक्रिय जीवनशैली से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि इस बार प्रतियोगिता में चार विदेशी खिलाड़ी भी भाग लेंगे, जिनमें दो जर्मनी, एक चीन और एक संयुक्त राज्य अमेरिका से हैं। टूर्नामेंट विभिन्न श्रेणियों में आयोजित होगा, जिससे अलग-अलग आयु और स्तर के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

टूर्नामेंट के अध्यक्ष नितिन गुप्ता के अनुसार, देश के कई राज्यों से खिलाड़ियों ने अपनी भागीदारी सुनिश्चित की है। मुंबई, ओडिशा, गुजरात, मध्य प्रदेश, असम, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न स्थानों से प्रतिभागियों ने एंट्री भेजी है।

स्वर्णेश चतुर्वेदी ने कहा कि महिला खिलाड़ियों की बढ़ती भागीदारी फ्रेंड्स कप की समावेशी और प्रगतिशील सोच को दर्शाती है। इस प्रतियोगिता से खेल के प्रति रुचि बढ़ने के साथ सामाजिक जुड़ाव को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

संबंधित समाचार