कानपुर : आजादी के बाद अब पहली बार मिलेगी जलभराव से निजात, लोहरन भट्टा व राजापुरवा क्षेत्र के 20 हजार लोग थे प्रभावित
कानपुर, अमृत विचार। कानपुर नगर निगम के वार्ड 64 के अंतर्गत राजाजीपुरवा व लोहरनभट्टा में आजादी के बाद अब पहली बार सीवर लाइन पड़ने जा रही है। इसके लिए नगर निगम करीब 90 लाख रुपये खर्च करेगा। सीवर लाइन डालने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई है। अप्रैल माह से यहां पर सीवर लाइन डालने का कार्य शुरू हो जाएगा। सीवर लाइन पड़ने के बाद यहां रहने वाले हजारों लोगों को जलभराव, बजबजाती नालियों व गंदगी से छुटकारा मिलेगा।
भारत देश को आजाद हुए 78 वर्ष बीत गए है, लेकिन कानपुर नगर निगम के वार्ड 64 के अंतर्गत आने वाले राजापुरवा व लोहरनभट्टा मलिन बस्ती में सीवर लाइन की सुविधा नहीं है। जबकि यहां पर 20 हजार से अधिक लोग निवास करते हैं। शिकायत करने पर यहां के लोगों को सिर्फ आश्वासन दे दिया जाता है, लेकिन वर्तमान पार्षद नीरज बाजपेयी ने क्षेत्र की लोगों की समस्या को समझते हुए नगर निगम सदन में इस मुद्दे को प्रमुखता से रखा था, जिसका संज्ञान लेकर नगर निगम ने यहां पर करीब 90 लाख रुपये से आठ सौ मीटर लंबी सीवर लाइन डालने की संस्तुति दे दी है।
संस्तुति मिलने के बाद यहां पर सीवर लाइन डालने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हुई, जिसमे कृष्णा कंट्रक्शन एंड सप्लायर को यहां पर सीवर लाइन डालने का टेंडर मिला है। निर्माण कंपनी राजीपुरवा व लोहरनभट्टा में जलभराव की समस्या को समाप्त करने के लिए फंड ऑफिस चौराहा से जेके मंदिर चौकी तक 500 मीटर तक सीवर लाइन डालने का काम करेगी। इसके साथ ही पहाड़ी वाली गली से तलाब तक तीन सौ मीटर तक सीवर लाइन डालेगी।
अभी यहां तालाब में जाता है गंदा पानी
लोहरनभट्टा व राजाजीपुरवा समेत क्षेत्र के कई हातों का गंदा पानी वर्तमान में यहां पर बने तालाब में एकत्र होता है। वर्षों से यहां पर सीवर लाइन नहीं पड़ने की वजह से यह तालाब अब पूरी तरह से भर गया है। गंदे पानी के निकासी की सुविधा नहीं होने पर यहां की नालियां गंदगी से बजबजा रही है और कीडे़ व मच्छर पनप रहे हैं। वर्तमान में इस तालाब की स्थिति ऐसी तब है, जब पूर्व में इसकी सफाई हो चुकी है। यहां पर आम दिनों में कई बार गलियों में गंदा पानी भर जाता है और बारिश में तो इन क्षेत्र का गंदा पानी लोगों के घरों तक घुस जाता है।
अप्रैल में शुरू होगा सीवर लाइन का काम
पार्षद नीरज बाजपेई ने बताया कि बस्ती का तलाब 12 महीने खासतौर पर बरसात में लबालब भर जाता है, जिसके कारण बस्ती की गलियों व घरों में गंदा पानी भरने से कई प्रकार की बीमारियों का भी सामना करना पड़ता है। इसलिए आरसीसी सीवर लाइन के संबंध में नगर निगम सदन में प्रस्ताव रखा था, ताकि यहां के हजारों लोगों को जलभराव की समस्या से जूझना न पड़े। प्रस्ताव को पास कर दिया गया है, क्षेत्र में सीवर लाइन डालने का कार्य अप्रैल माह से शुरू होगा, निर्माण के लिए टेंडर हो चुका है।
