Moradabad: साग-सब्जी किसानों को भारी नुकसान, गेहूं-आलू उत्पादकों को आंशिक राहत
मुरादाबाद, अमृत विचार। शुक्रवार को हुई बेमौसम बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खासकर साग-सब्जी की खेती करने वाले किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। लगातार हुई बारिश के कारण खेतों में पानी भर गया, जिससे हरी सब्जियों की फसलें सड़ने लगी हैं।
शनिवार सुबह मौसम साफ होने और धूप निकलने के बावजूद किसानों की परेशानी कम नहीं हुई है। किसान सुबह से ही खेतों में जमा पानी निकालने में जुटे हुए हैं,लेकिन कई जगहों पर पानी इतना अधिक है कि उसे पूरी तरह निकाल पाना मुश्किल हो रहा है। पानी में डूबी सब्जियां खराब होने लगी हैं। पालक, मेथी, धनिया जैसी पत्तेदार सब्जियां पानी भरने से जल्दी खराब हो जाती हैं, जिससे उन्हें तुरंत नुकसान होता है। कई किसानों ने बताया कि अच्छी आमदनी की उम्मीद थी, लेकिन बारिश ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया।
गेहूं और आलू किसानों को कुछ राहत मिली है। वहीं गेहूं और आलू की खेती करने वाले किसानों को थोड़ी राहत मिली है। शुक्रवार की बारिश के बाद शनिवार को निकली तेज धूप से खेतों में भरा पानी सूखने लगा है। इससे इन फसलों को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है, हालांकि कुछ निचले इलाकों में अब भी जलभराव की समस्या बनी हुई है।सहफसली खेती करने वाले किसान ज्यादा चिंतित हैं। जिन किसानों ने सहफसली (मिक्स क्रॉपिंग) के तहत अलग-अलग फसलें बोई हैं, उनके लिए स्थिति और भी चुनौतीपूर्ण है। खासकर हाल ही में बोई गई उड़द और मूंग की फसल को नुकसान का खतरा मंडरा रहा है।
