संतकबीर नगर : 8 लाख रुपये की ठगी के आरोपी होमगार्ड समेत दो गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

संतकबीर नगर। उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के थाना कोतवाली खलीलाबाद पुलिस, एसओजी एवं सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से नकली सोने के बिस्कुट के जरिए आठ लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए होमगार्ड समेत दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 लाख रुपये नकद, 3 मोबाइल फोन, करीब 200 ग्राम के दो पीली धातु (नकली गोल्ड) के बिस्कुट, एक वर्दी सेट (बेल्ट व नेम प्लेट सहित), आधार कार्ड और एक मोटरसाइकिल एचएफ डीलक्स बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने यहाँ बताया कि अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली खलीलाबाद पुलिस, एसओजी व सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान प्रदीप कुमार राव (निवासी बस्ती) और संजय चौधरी (निवासी खलीलाबाद, होमगार्ड) के रूप में हुई है।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि 23 मार्च को दोनों आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर कुशीनगर निवासी गल्ला व्यवसायी सन्नी कुमार गुप्ता को सोने का बिस्कुट देने के बहाने बुलाया और नकली गोल्ड थमाकर 8 लाख रूपये ठग लिए। वारदात को अंजाम देने के लिए एक आरोपी वर्दी पहनकर मौके पर पहुंचा, जिससे पीड़ित को भरोसा हो गया।

घटना के बाद पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली खलीलाबाद में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 29 मार्च को स्पर्श अस्पताल के पास डंड़वा नहर तिराहे से दोनों आरोपियों को उस समय गिरफ्तार किया, जब वे ठगी की रकम लेकर नौतनवा भागने की फिराक में थे।

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों अभियुक्त पहले भी ठगी और अन्य आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं। इस मामले में पुलिस ने संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस सफल कार्रवाई पर पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस टीम को 25 हजार रूपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।

संबंधित समाचार