UP: गैस की किल्लत जारी, सिलेंडर लेने को जद्दोजहद कर रहे लोग 

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

रामपुर, अमृत विचार। जिले में भरपूर मात्रा में गैस होने का भले ही दावा किया जा रहा हो, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ अलग ही है। रामपुर शहर सहित मिलक, बिलासपुर समेत जिले में लोग एलपीजी के लिए परेशान हैं। एजेंसियों पर गैस के लिए मारामारी हो रही है। कई-कई दिन बाद लोगों को सिलेंडर मिल रहे हैं।

रविवार को सैफनी के खरसौल गांव स्थित एक गैस एजेंसी पर गैस वितरण में धांधली का आरोप लगाते हुए किसानों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ईरान, अमेरिका और इजराइल से जंग से गैस की व्यवस्था बेपटरी हो गई है। घरों पर गैस नहीं होने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। लोग एजेंसियों के चक्कर लगा रहे हैं। लोगों को 15-15 दिन बाद गैस सिलेंडर मिल रहे हैं। गैस नहीं मिलने पर मिलक, बिलासपुर, मसवासी समेत तमाम जगह उपभोक्ता गैस एजेंसियों पर हंगामा कर चुके हैं। पूरे-पूरे दिन लोगों को कतार में खड़ा होना पड़ रहा है और इसके बाद गैस नहीं मिलने पर उनका पारा चढ़ जाता है और हंगामा होने लगता है।

संजय अग्रवाल ने बताया कि गैस बुकिंग के लिए काफी परेशानी हो रही है। कई दिन से एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं। गैस नहीं होने से घरों पर महिलाओं को दिक्कत हो रही है। तोशीबा के मुताबिक वह चक्कर लगा रही हैं लेकिन, गैस बुक नहीं हो पा रही है। बहुत परेशानी हो रही है। ईद पर गैस नहीं होने से बहुत परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रेम प्रकाश ने बताया कि 5 मार्च को गैस बुक करा दी थी लेकिन, अभी तक सिलेंडर नहीं मिला। प्रशासन कह रहा है कि गैस की कोई कमी नहीं है लेकिन, मिल कहां रही है।  रियासत खां ने बताया कि बुक कराने के बावजूद गैस नहीं मिल रही है। एजेंसी पर पर्ची लेने के लिए लगातार चक्कर लगा रहे हैं। ईद पर बहुत परेशानी हुई। 

संबंधित समाचार