KGMU ट्रॉमा सेंटर में मोबाइल सीटी स्कैन मशीन से बेड पर ही होगी जांच, गंभीर मरीजों को मिलेगी राहत
लखनऊ, अमृत विचार : किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के ट्रॉमा सेंटर में अब गंभीर रूप से घायल मरीजों को सीटी स्कैन के लिए इधर-उधर नहीं ले जाना पड़ेगा। जल्द ही यहां मोबाइल सीटी स्कैन मशीन स्थापित की जाएगी, जिससे मरीजों की जांच सीधे उनके बेड पर ही की जा सकेगी।
ट्रॉमा सेंटर के प्रभारी डॉ. प्रेमराज सिंह के अनुसार, वर्तमान व्यवस्था में गंभीर मरीजों को सीटी स्कैन कक्ष तक ले जाना काफी जोखिम भरा होता है। इस दौरान मरीज की हालत बिगड़ने का खतरा बना रहता है और समय भी अधिक लगता है। नई मोबाइल सीटी स्कैन मशीन के आने से यह समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी।
उन्होंने बताया कि मशीन की स्थापना के लिए टेंडर प्रक्रिया तेजी से जारी है। यदि सभी प्रक्रियाएं निर्धारित समय में पूरी हो जाती हैं, तो अगले दो से तीन महीनों में यह सुविधा शुरू हो जाएगी।
नई व्यवस्था लागू होने से मरीजों की जान बचाने में मदद मिलेगी और डॉक्टरों को तुरंत व सटीक जांच रिपोर्ट उपलब्ध हो सकेगी, जिससे इलाज की प्रक्रिया और अधिक तेज व प्रभावी बनेगी।
