पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त, थानों में प्राथमिकी दर्ज नहीं की जा रहीं : किशोरी लाल शर्मा

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

अमेठी। कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा ने रविवार को कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई है और थानों में प्राथमिकी दर्ज नहीं की जा रही हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भू माफिया पूरी तरह से हावी है और बाराबंकी में युवक का सर काटकर शव जलाने का प्रयास इसका बड़ा प्रमाण है। 

किशोरी लाल शर्मा ने यहां पत्रकारों से बातचीत के दौरान जब उनसे बाराबंकी में एक युवक का सर काटे जाने और शव जलाने के प्रयास पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि बाराबंकी ही नहीं पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था खराब है और भू माफिया पूरी तरह से हावी है। 

शर्मा ने दावा किया, "थानों में पीड़ित की प्राथमिकी दर्ज नहीं की जाती है।" उन्होंने आरोप लगाया, "मिशन शक्ति की बात होती है पर बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। आए दिन ऐसे मामले लगातार आ रहे हैं और कानून व्यवस्था को लेकर सरकार के दावे पूरी तरह से खोखले हैं। 

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अमेठी में विकास के जो भी काम हुए हैं वह 2014 से पहले हुए हैं। 2014 के बाद भाजपा की सरकार ने अमेठी के साथ बदले की भावना से काम करना शुरू कर दिया और तमाम विकास के काम अमेठी से छीन लिए गये। 

इससे पूर्व किशोरी लाल शर्मा ने कांग्रेस कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक में कहा कि आज के दौर में सोशल मीडिया एक सशक्त माध्यम है जिसके जरिए जनता की आवाज और सरकार की जनविरोधी नीतियों को व्यापक स्तर से सार्वजनिक पटल पर रखा जा सकता है। 

सांसद ने पदाधिकारियों को प्रशिक्षित करने के लिए शीघ्र ही एक विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित कराने की घोषणा भी की। बैठक में सांसद ने कार्यकर्ताओं के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती ही विकास की आधारशिला है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी विकास कार्य कार्यकर्ताओं की सहमति और सुझावों के आधार पर ही आगे बढ़ाए जा रहे हैं।  

संबंधित समाचार