चौक का चमत्कारी मंदिर: 1000 से अधिक बना आस्था का केंद्र... मां आनंदी देवी, जहां कोई मूर्ति नहीं, माता स्वयं विराजमान हैं

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

चाबी चढ़ाने से लेकर मनोकामना पूरी होने तक की अनोखी परंपरा

लखनऊ, अमृत विचारः चौक स्थित मां आनंदी देवी मंदिर न केवल शहर के प्रमुख देवी मंदिरों में से एक है, बल्कि यह मंदिर श्रद्धा, आस्था और चमत्कारिक मान्यताओं का भी जीवंत प्रतीक है। इस मंदिर को लेकर मान्यता है कि मां आनंदी देवी, जिन्हें देवी दुर्गा के रूप में पूजा जाता है, यहां स्वयं प्रकट हुई थीं। यही कारण है कि इस पवित्र स्थान पर कोई मूर्ति स्थापित नहीं की गई है, बल्कि देवी मां स्वयं इस स्थल पर विराजमान मानी जाती हैं।

1000 वर्षों से भी अधिक पुराना है मंदिर

मंदिर के पुजारी अतुल अवस्थी बताते हैं कि यह मंदिर 1000 साल से भी अधिक पुराना है। यह स्थान न सिर्फ धार्मिक दृष्टि से, बल्कि ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। मंदिर की प्राचीनता और इसकी मान्यताओं के कारण यहां दूर-दराज से भी श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं।

हर सुबह चाबी चढ़ाने की परंपरा

मंदिर के आस-पास की दुकानें चलाने वाले दुकानदारों की माँ आनंदी देवी के प्रति विशेष आस्था है। पुजारी अवस्थी के अनुसार, हर सुबह दुकानदार अपनी दुकान की चाबी लेकर मां के चरणों में चढ़ाते हैं, और आशीर्वाद लेकर ही दुकान खोलते हैं। यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है और आज भी पूरी निष्ठा से निभाई जाती है।

सच्चे मन से मांगी गई मुराद होती है पूरी

ऐसा माना जाता है कि जो भी भक्त मां के दरबार में सच्चे मन से अपनी मुराद लेकर आता है, माता उसकी इच्छाओं की पूर्ति अवश्य करती हैं। यही कारण है कि न केवल नवरात्रि के समय, बल्कि साल भर यहाँ श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रहती है।

नवरात्रि में होता है विशेष श्रृंगार

नवरात्रि के पावन अवसर पर मंदिर में मां आनंदी देवी का विशेष श्रृंगार किया जाता है। नौ दिनों तक देवी को मेवे और फलों से सजाया जाता है, और प्रतिदिन उनके एक अलग रूप की पूजा की जाती है। यह श्रृंगार मंदिर की महिमा को और भी बढ़ाता है। जब किसी भक्त की मनोकामना पूर्ण होती है, तो वह भक्त भी मां का विशेष श्रृंगार करवाकर अपनी आस्था और धन्यवाद प्रकट करता है।

संबंधित समाचार