Share Market Today: बड़ी गिरावट के साथ खुले शेयर बाजार, 800 अंक टूटा सेंसेक्स, निफ्टी भी लुढ़के; निचले स्तर आया रुपया
मुंबई। विदेशों से मिले नकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को शुरुआती कारोबार में बड़ी गिरावट देखी गयी। बीएसई का सेंसेक्स 800.38 अंक टूटकर 73,732.58 अंक पर खुला और खुलते ही 1,555.62 अंक की गिरावट में 72,977.34 अंक तक लुढ़क गया। खबर लिखे जाते समय यह 1,293.73 अंक (1.74 प्रतिशत) नीचे 73,239.23 अंक पर था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 407.55 अंक यानी 1.76 प्रतिशत फिसलकर 22,706.95 अंक पर रहा। पश्चिम एशिया संकट के कारण वैश्विक स्तर पर शेयर बाजारों में गिरावट देखी जा रही है।
इसके अलावा रुपये के कमजोर पड़ने से भी निवेश धारणा प्रभावित हो रही है। अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया फिलहाल 34.50 पैसे गिरकर 93.88 रुपये प्रति डॉलर पर है। बाजार में चौतरफा गिरावट है। धातु और सार्वजनिक बैंकों के समूहों के सूचकांक तीन फीसदी से ज्यादा नीचे चल रहे हैं।
ऑटो, वित्त, रियलटी, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और रसायन सेक्टरों से सूचकांक दो प्रतिशत से ज्यादा टूटे। एफएमसीजी, आईटी, मीडिया, फार्मा, निजी बैंक, स्वास्थ्य और तेल एवं गैस सेक्टरों में भी बड़ी गिरावट रही। सेंसेक्स की गिरावट में एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, भारती एयरटेल, एलएंडटी, एक्सिस बैंक और टाटा स्टील का योगदान अधिक रहा।
रुपया 41 पैसे टूटकर सर्वकालिक निचले स्तर 93.94 प्रति डॉलर पर
रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में 41 पैसे टूटकर अब तक के सबसे निचले स्तर 93.94 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण वैश्विक कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और डॉलर के मजबूत रुख से घरेलू मुद्रा दबाव में है। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी और सुबह के सत्र में घरेलू शेयर बाजारों में आई भारी गिरावट ने स्थानीय मुद्रा को और कमजोर कर दिया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, डॉलर के मुकाबले 93.84 पर खुला।
हालांकि बाद में यह लुढ़कता हुआ 93.94 प्रति डॉलर के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से 41 पैसे की गिरावट दर्शाता है। रुपया शुक्रवार को रुपया पहली बार डॉलर के मुकाबले 93 के स्तर से नीचे चला गया था और अंततः 64 पैसे टूटकर 93.53 के सर्वकालिक निचले स्तर पर बंद हुआ था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.02 प्रतिशत की बढ़त के साथ 99.66 पर रहा।
घरेलू शेयर बाजारों ने सेंसेक्स 1,306.27 अंक या 1.75 प्रतिशत टूटकर 73,226.69 अंक पर जबकि निफ्टी 418.25 अंक या 1.81 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,696.25 अंक पर रहा। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.60 प्रतिशत की गिरावट के साथ 112.90 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) शुक्रवार को बिवकाल रहे थे और उन्होंने 5,518.39 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
