PLI योजना के विरोध में बैंककर्मी आंदोलित... देशव्यापी हड़ताल की तैयारी, सरकार पर एकतरफा निर्णय का आरोप

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचारः यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (लखनऊ जिला इकाई) के बैनर तले बैंककर्मियों ने सरकार द्वारा प्रस्तावित नई पीएलआई (परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव) योजना के खिलाफ विरोध तेज कर दिया है। फोरम का आरोप है कि यह योजना बिना किसी पूर्व चर्चा के एकतरफा लागू की जा रही है, जिससे कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच कृत्रिम विभाजन पैदा होगा।

सरकार के वित्त सेवा विभाग (डीएफएस) द्वारा स्केल IV और उससे ऊपर के अधिकारियों व पूर्णकालिक निदेशकों के लिए नई पीएलआई योजना लागू करने की तैयारी की जा रही है। इस योजना में अधिकारियों को पांच श्रेणियों में बांटकर 0 प्रतिशन से 100 प्रतिशत तक प्रोत्साहन देने का प्रावधान है, जबकि वर्तमान योजना में अधिकतम 15 दिनों का पीएलआई मिलता है। नई व्यवस्था में इसे 365 दिन तक बढ़ाया गया है, जिससे असमानता बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

जिला संयोजक अनिल श्रीवास्तव ने बताया कि जून 2025 में उप मुख्य श्रम आयुक्त ने इस योजना को चर्चा पूरी होने तक लागू न करने के निर्देश दिए थे, लेकिन फरवरी 2026 में इसे फिर लागू करने का आदेश जारी कर दिया गया। मीडिया प्रभारी अनिल तिवारी के अनुसार, विरोध स्वरूप कर्मचारियों ने काले बैज पहनने, अतिरिक्त कार्य से इंकार करने और निर्धारित समय के बाद प्रबंधन से दूरी बनाने जैसे कदम उठाने का निर्णय लिया है। फोरम ने चेतावनी दी है कि मांगें न मानी गईं तो देशव्यापी हड़ताल की जाएगी।

संबंधित समाचार