IPL 2026 : रहाणे और रघुवंशी ने जड़ा अर्धशतक, KKR ने मुंबई को दिया 221 रनों का लक्ष्य

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

मुंबई। अजिंक्य रहाणे (67) , अंगकृष रघुवंशी (51) और फिन ऐलन (37) की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग के दूसरे मुकाबले में मुम्बई इंडियंस के खिलाफ चार विकेट पर 220 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। आज यहां मुम्बई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।

बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर के लिए कप्तान अजिंक्य रहाणे और फिन ऐलन की सलामी जोड़ी ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट लिए 69 रन जोड़े। छठें ओवर में शार्दुल ठाकुर ने फिन ऐलन को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। फिन ऐलन ने 17 गेंदों में छह चौके और दो छक्कों की मदद से 37 रनों की पारी खेली। नौवें ओवर में शार्दुल ने कैमरुन ग्रीन (18) का शिकार कर लिया।

14वें ओवर में शार्दुल ठाकुर ने अजिंक्य रहाणे को आउट कर केकेआर को तीसरा झटका दिया। रहाणे ने 40 गेंदों में तीन चौके और पांच छक्के उड़ाते हुए 67 रनों की पारी खेली। 19वें ओवर में हार्दिक पंड्या ने अंगकृष रघुवंशी को कैच आउट करा दिया।

अंगकृष रघुवंशी ने 29 गेंदों में छह चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 51 रन बनाये। केकेआर ने निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट पर 220 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। रिंकू सिंह ने 21 गेंदों में चार चौकों की मदद से नाबाद 33 रन बनाये। मुम्बई इंडियंस के लिए शार्दुल ठाकुर ने तीन विकेट लिये। एक बल्लेबाज को हार्दिक पंड्या ने आउट किया। 

संबंधित समाचार