काशवी गौतम को मिला टी20 डेब्यू का मौकाः दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

नई दिल्लीः तेज गेंदबाज़ी ऑलराउंडर काशवी गौतम को अप्रैल में दक्षिण अफ़्रीका में होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुना गया है। हाल ही में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर काशवी ने टेस्ट और वनडे दोनों सीरीज में हिस्सा लिया था, लेकिन अब तक उनका टी20 डेब्यू नहीं हुआ है। चयनकर्ताओं ने उमा छेत्री को भी दल में ऋचा घोष के बैकअप के रूप में शामिल किया है। छेत्री ने 17 साल की जी कमालिनी की जगह ली है जिन्होंने दिसंबर में श्रीलंका के ख़िलाफ़ घरेलू सीरीज़ में टी20 डेब्यू करने के बाद से कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वह टी20 दल का हिस्सा थीं, लेकिन उन्हें कोई भी मैच खेलने का मौक़ा नहीं मिला था।

श्रीलंका के ख़िलाफ़ सभी पांच टी20I खेलने और ऑस्ट्रेलिया दौरे पर बेंच पर रहने वाली बाएं हाथ की स्पिनर वैष्णवी शर्मा को भी बाहर कर दिया गया है। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर दो मैचो में 3 और 1 का स्कोर बनाने तथा तीन ओवर में 30 रन देने वाली ऑलराउंडर अमनजोत कौर को भी बाहर का रास्ता दिखाया गया है। अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह और क्रांति गौड़ के साथ गौतम तेज गेंदबाज़ी की चौथी विकल्प होंगी। दीप्ति शर्मा, श्री चरणी और श्रेयंका पाटिल स्पिन विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगी। दक्षिण अफ़्रीका का ये दौरा डरबन में शुरू होगा जहां 17 और 19 अप्रैल को पहले दो टी20 मैच खेले जाएंगे। इसके बाद 22 और 25 अप्रैल को जोहान्सबर्ग में अगले दो मैच तथा 27 अप्रैल को बेनोनी में दौरे का आख़िरी मैच खेला जाएगा। 

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम 

हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), शेफ़ाली वर्मा, जेमिमा रॉड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह, क्रांति गौड़, श्री चरणी, श्रेयंका पाटिल, काशवी गौतम, भारती फुलमाली, उमा छेत्री (विकेटकीपर), अनुष्का शर्मा। 

संबंधित समाचार