Delhi Hunger Strike: 23 दिन बाद जंतर-मंतर पर AISA नेताओं का अनशन समाप्त, शबाना आज़मी और प्रकाश राज ने की अपील
दिल्ली। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) के तीन पदाधिकारियों ने जंतर-मंतर पर 23 दिनों से जारी अपनी भूख हड़ताल शनिवार को समाप्त कर दी। अभिनेत्री एवं पूर्व सांसद शबाना आज़मी, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राज्यसभा सांसद मनोज झा और अभिनेता प्रकाश राज ने अनशन स्थल पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं को तरल पदार्थ पिलाकर उनका अनशन समाप्त कराया।
आइसा की छात्र नेता और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) की शोधार्थी नेहा चौहान ने कहा कि भूख हड़ताल खत्म की गई है, लेकिन आंदोलन अभी समाप्त नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि अब इस आंदोलन को नए स्वरूप में आगे बढ़ाया जाएगा। नेहा चौहान ने दावा किया कि इस आंदोलन ने शिक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर विपक्षी दलों को एक मंच पर लाने और देशभर में लोगों को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
नीट-यूजी पेपर लीक और सीबीएसई मूल्यांकन को लेकर था प्रदर्शन
गौरतलब है कि आइसा के छह छात्र कार्यकर्ताओं ने नीट-यूजी प्रश्नपत्र लीक मामले और सीबीएसई की मूल्यांकन प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के विरोध में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर भूख हड़ताल शुरू की थी। इस आंदोलन में जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी शामिल हुए थे। लंबे समय तक अनशन के कारण तीन छात्रों की तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें अलग-अलग समय पर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद केवल नेहा चौहान, आमीन और मनीष ही भूख हड़ताल पर बैठे थे। शनिवार को तीनों कार्यकर्ताओं ने 23 दिन बाद अपना अनशन समाप्त कर दिया। हालांकि, आइसा ने स्पष्ट किया है कि शिक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
ये भी पढ़ें :
लखनऊ के कराटे खिलाड़ियों का बांग्लादेश में जलवा, दक्षिण एशियाई चैंपियनशिप में जीता गोल्ड; सिल्वर-ब्रॉन्ज पर भी कब्जा
