सपा कार्यालय पर होली-ईद मिलन सौहार्द समारोह, अखिलेश यादव की मौजूदगी में जश्न
लखनऊ, अमृत विचार : राजधानी लखनऊ में समाजवादी पार्टी के मुख्यालय पर होली-ईद मिलन सौहार्द समारोह का आयोजन हुआ। सपा प्रमुख और पूर्व सीएम अखिलेश यादव मुख्य अतिथि रहे। गीत-संगीत और पर्वों के उत्साह के बीच समर्थक-कार्यकर्ता एक-दूसरे से गले मिले। सूफियाना महफिल भी सजी, जिसमें कव्वालों ने समां बांधा। इस दौरान बुद्धिस्ट सोसायटी ऑफ इंडिया के नेशनल प्रेसीडेंट डॉ. राजरतन अंबेडकर ने संविधान की प्रति भेंट की।
बाबा साहब के प्रपौत्र डॉ. राजरतन अंबेडकर ने कहा कि यह देश की खूबसूरती है कि सौ किलोमीटर में लोगों की भाषा, खान-पान, रंग-ढंग बदल जाता है, लेकिन 140 करोड़ देशवासियों को इकट्ठा रखने का काम देश के संविधान ने किया। यह इस देश के संविधान की खूबसूरती है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब को संविधान सभा में जाने से रोकने की कोशिश हुईं। बाबा साहब ने संविधान में पिछड़े वर्गों को आगे बढ़ाने के लिए हर तरह के प्राविधान किए।

डॉ. अंबेडकर ने कहा कि अखिलेश यादव पीडीए के तहत सबको एकजुट कर रहे हैं। अगर मैं अपने जीवन में इसमें छोटा सा भी हिस्सेदार बन सकूं तो मुझे गर्व होगा कि संविधान बचाने की लड़ाई में साथ रहा। उन्होंने गुजिया-सेवई कार्यक्रम समारोह के लिए बधाई देते हुए कहा कि इस तरह का प्रयोग पूरे देश में होना चाहिए जो विभाजनकारी ताकतों को बता सके कि हम भारत के लोग एक हैं।
कश्मीर के बालीवुड सिंगर शोएब पन्नू तथा शहजाद अली को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। शेरो-शायरी का भी दौर चला। कमेडियन राजीव निगम ने अपने व्यंगों सेखूब हंसाया। बॉलीवुड के मशहूर कलाकार शहजाद अली डागर और शोएब पन्नू की मनमोहक प्रस्तुति ने महफिल लूट ली। विधायक आशु मलिक की ओर से होली-ईद पर गुजिया-सेवइयां मिलन समारोह में तमाम लोगों ने गुजिया-सेंवई, छोला-भटूरा और बाटी-चोखा का आनंद लिया।
इस अवसर पर पूर्व सांसद उदय प्रताप सिंह, सांसद हरेंद्र मलिक, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी, पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, विधायक रविदास मेहरोत्रा, विधायक शाहिद मंजूर, एमएलसी जासमीर अंसारी, विधायक नसीम सोलंकी, विधायक इरफान सोलंकी, नवाब जान, मोहम्मद उमर, पूर्व एमएलसी सुनील सिंह साजन,पूजा शुक्ला, मौलाना इकबाल कादरी राष्ट्रीय अध्यक्ष समाजवादी अल्पसंख्यक सभा, काशीनाथ यादव राष्ट्रीय अध्यक्ष समाजवादी सांस्कृतिक प्रकोष्ठ, शकील नदवी प्रदेश अध्यक्ष समाजवादी अल्पसंख्यक सभा, धर्मेन्द्र सोलंकी प्रदेश अध्यक्ष समाजवादी सांस्कृतिक प्रकोष्ठ, जयसिंह जयंत, नवीन धवन बंटी, देवेन्द्र सिंह जीतू आदि प्रमुख नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
