Moradabad: जज के पिता का एक और हत्यारोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी व उसके दो बेटों की तलाश
मुरादाबाद, अमृत विचार। थाना नागफनी पुलिस ने जिगर कॉलोनी निवासी जज के पिता की हत्या में वांछित चल रहे चार आरोपियों में से पुलिस ने आसिफ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आसिफ के घर पर मृतक असद की हत्या की साजिश रची गई थी। पकड़े गए आसिफ ने मुख्य आरोपी जफर और उसके बेटों के जम्मू कश्मीर में होने की जानकारी पुलिस को दी है।
बुधवार को थाना नागफनी के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि 28 फरवरी को वादी मजाहिर हुसैन उर्फ डेनियल निवासी जिगर कॉलोनी ने अपने बहनोई मोहम्मद असद की गोली मारकर हत्या करने के मामले में थाना नागफनी में मुकदमा दर्ज कराया था। घटना बंगलागांव चौराहे के पास की बताई गई थी। इस मामले में कई नामजद और एक अज्ञात अभियुक्त के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत है।
उन्होंने बताया कि पकड़े गए आसिफ पुत्र जरीफ निवासी विशनपुर भीमाठेर थाना सिविल लाइन बुधवार सुबह साढ़े दस बजे जिगर कॉलोनी स्थित जिगर एक बिल्डिंग के पास मुकदमे से संबंधित मामले में अपने वकील के पास जा रहा था। जिसको पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। थाना के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में जफर और उसके बेटे के जम्मू कश्मीर में जफर की ससुराल में होने की जानकारी दी है। उसने बताया कि मोहम्मद असद की हत्या की साजिश आरोपी आसिफ के घर पर बैठकर की गई थी। प्रभारी निरीक्षक ने बताया पकड़े गए आसिफ पर दिल्ली के विभिन्न थाना क्षेत्र में वाहन चोरी और 307 जैसे गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
