कानपुर नगर निगम की बैठक में अतिक्रमण हटाने पर जोर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर। कानपुर नगर निगम गुरुवार को नगर आयुक्त की अध्यक्षता में स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 की तैयारियों और शहर में अतिक्रमण हटाने को लेकर अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी, अभियंता और स्वच्छता अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में स्वच्छता कार्यों को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कूड़ा उठान, स्रोत पर कचरा पृथक्करण (सेग्रीगेशन) और स्वच्छता से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू किया जाए। साथ ही जोन स्तर पर प्रगति रिपोर्ट जियोटैग फोटो के साथ प्रस्तुत करने को कहा गया। 

बाजारों और व्यापारिक संगठनों के साथ मिलकर जन-जागरूकता अभियान चलाने और दो दिन के भीतर बैठकों का रोस्टर तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। अतिक्रमण पर सख्त रुख अपनाते हुए नगर आयुक्त ने छोटे नालों (एक मीटर से कम चौड़ाई) पर बने रैंप, पार्किंग आदि को तत्काल हटाने के आदेश दिए। कार्रवाई की फोटो-वीडियो रिकॉर्डिंग करने और संबंधित लोगों पर जुर्माना लगाने के निर्देश भी दिए गए। 

खासकर मेट्रो स्टेशनों, विशेषकर मोतीझील क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने को प्राथमिकता देने को कहा गया। इसके अलावा शहर के प्रवेश द्वार से टर्निंग प्वाइंट तक एक किलोमीटर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए नियमित अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

 नगर आयुक्त ने मेट्रो स्टेशनों के पास दुकानों में दो डस्टबिन अनिवार्य करने, घाटों पर स्थायी डस्टबिन लगाने, मैनहोल ढके रखने, सड़कों की मरम्मत और बिजली के तारों से यातायात बाधित न होने की निगरानी सुनिश्चित करने को भी कहा। अधिकारियों को बताया गया कि अतिक्रमण की सूची उपलब्ध करा दी गई है और 15 दिन बाद इसकी दोबारा समीक्षा की जाएगी।  

संबंधित समाचार