आईपीएल 2026 : दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 6 विकेट से रौंदा, जानिए क्या बोले ऋषभ पंत

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। लुंगी एन्गिडी और थंगारसु (तीन-तीन विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के बाद समीर रिजवी (नाबाद 70) और ट्रिस्टन स्टब्स (नाबाद 39 ) के शानदार बल्लेबाजी की बदौलत दिल्ली कैपिटल्स ने बुधवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के पांचवें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम को 17 गेंदें शेष रहते छह विकेट से हरा दिया।

142 रनों छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत अच्छी रहीं और उसने 26 रन के स्कोर तक अपने चार विकेट गंवा दिये। पहले ही ओवर में मोहम्मद शमी ने केएल राहुल (शून्य) को बोल्ड आउट किया। चौथे ओवर में मोहसिन खान ने नीतीश राणा (15) का शिकार कर लिया।

अगले ही ओवर में प्रिंस यादव ने पुथम निसंका (एक) और अक्षर पटेल (शून्य) पर आउट कर दिल्ली कैपिटल्स को संकट में डाल दिया। ऐसे संकट के समय समीर रिजवी और ट्रिस्टन स्टब्स की जोड़ी ने ना केवल पारी को संभाला, तेजी के साथ रन भी बटोरे। इन दोनों बल्लेबाजों के बीच 119 रनों की अविजित साझेदारी हुई। 18वें ओवर की पहली गेंद पर समीर रिजवी ने छक्का लगाकर दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर चार विकेट पर 145 कर अपनी टीम को छह विकेट से जीत दिला दी।

समीर रिजवी ने आईपीएल में अपना दूसरा अर्धशतक जड़ा। समीर रिजवी ने 47 गेंदों में पांच चौके और चार छक्के उड़ाते हुए नाबाद 70 रनों की मैच विजयी पारी खेली। वहीं ट्रिस्टन स्टब्स ने 32 गेंदों में तीन चौके और एक छक्का लगाते हुए नाबाद 39 रन बनाये।


हमने अच्छी पिच पर पर्याप्त रन नहीं बनाए : पंत

दिल्ली कैपिटल्स से मिली हार के बाद लखनऊ सुपर जाइंट्स के कप्तान ऋषभ पंत ने स्वीकार किया कि उनके बल्लेबाजों ने पर्याप्त रन नहीं बनाए। पंत ने मैच के बाद कहा, ''बल्लेबाजी में हम बड़ी साझेदारी नहीं कर पाए। योजना यह थी कि (निकोलस) पूरन पांचवें नंबर पर आकर बीच के ओवरों में जिम्मेदारी संभालें। हमें एक ऐसे खिलाड़ी की जरूरत थी जो 'इंपेक्ट प्लेयर' के तौर पर कुछ रन जोड़ सके क्योंकि एक अच्छी पिच पर हमारे पास काफी रन नहीं थे।''

उन्होंने कहा, ''हमने आयुष बडोनी के लिए एक खास भूमिका तय की थी कि जब हमारे शुरुआती विकेट जल्दी गिर जाएं तो वह उस समय छाप छोड़ सकें। नई गेंद से काफी मदद मिल रही थी लेकिन आप 140 रन (141 रन) बनाकर विपक्षी टीम पर दबाव नहीं डाल सकते। हमें 20 अतिरिक्त रन भी भारी पड़े।'' इस मैच में पारी का आगाज करने वाले पंत से जब यह पूछा गया कि क्या वह आगामी मुकाबलों में भी सलामी बल्लेबाज की भूमिका निभाएंगे तो उन्होंने स्पष्ट जवाब नहीं दिया।

उन्होंने कहा, ''यह 50-50 प्रतिशत वाला फैसला था लेकिन यकीनन आप मुझे शीर्ष क्रम में खेलते हुए देखेंगे।'' पंत दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हुए थे और उन्होंने इस पर कहा, ''मेरे आउट होने से उबरने का सबसे अच्छा तरीका यह है कि मैं इसे नजरअंदाजं करूं क्योंकि मैं इसे नियंत्रित नहीं कर सकता।'' 

संबंधित समाचार