Lucknow : लखनऊ में सनसनीखेज वारदात, स्कूल में घुसकर प्रिंसिपल को मारी गोली, हालत गंभीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। लखनऊ के रहीमाबाद थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां जुगराजगंज स्थित प्रभावती पीवी शिक्षण संस्थान में एक युवक ने स्कूल के प्रिंसिपल को गोली मार दी। घायल प्रिंसिपल अनिल कुमार सिंह को गंभीर अवस्था में ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर करीब 12 बजे की है। जुगराजगंज निवासी आरोपी विजय पाल वैगनआर कार से स्कूल पहुंचा और हथियार लहराते हुए सीधे प्रिंसिपल के ऑफिस में घुस गया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उसने अनिल कुमार सिंह पर फायर कर दिया। बचने के प्रयास में प्रिंसिपल अलमारी के पीछे छिप गए, लेकिन गोली अलमारी से टकराते हुए उनके पेट में जा लगी।

गोली चलने की आवाज से स्कूल में हड़कंप मच गया। बच्चे घबराकर इधर-उधर भागने लगे और चीख-पुकार मच गई। मौके पर मौजूद शिक्षकों ने किसी तरह बच्चों को सुरक्षित किया। इस बीच आरोपी दूसरा फायर करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ने की कोशिश की लेकिन असलहा लहराते हुए, वह फरार हो गया। घायल प्रिंसिपल को पहले सीएचसी मलिहाबाद ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ट्रामा सेंटर भेज दिया गया। 

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। इंस्पेक्टर रहीमाबाद के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश या लेन-देन का विवाद सामने आ रहा है। आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।

संबंधित समाचार