वाराणसी : बिजली विभाग का इंजीनियर और लाइनमैन रिश्वत लेते गिरफ्तार
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) की टीम ने शुक्रवार को मंडुआडीह पावर हाउस के पास से जेई नवनीत कुमार और लाइनमैन लक्ष्मण कुमार को 20 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथों पकड़ा। ककरमत्ता निवासी शुभम श्रीवास्तव ने एंटी करप्शन टीम को शिकायत की थी। सूत्रों के अनुसार, शुभम श्रीवास्तव ने आरोप लगाया था कि झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर उनसे 20 हजार रुपये की मांग की जा रही थी।
शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने पूरा जाल बिछाया। योजना के अनुसार, आज शुभम श्रीवास्तव ने रुपये देने के लिए मंडुआडीह पावर हाउस के पास जेई और लाइनमैन को बुलाया। जैसे ही शुभम श्रीवास्तव ने रुपये उनके हाथों में दिए, पास में मौजूद एंटी करप्शन टीम ने दोनों को रंगे हाथों पकड़ लिया। दोनों के विरुद्ध रोहनिया थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
