BRD के बदहाल रैन बसेरा: गर्मी से बेहाल हो रहे तीमारदार, राहत के लिए कोई इंतजाम नहीं
लखनऊ, अमृत विचार : महानगर स्थित भाऊराव देवरस संयुक्त चिकित्सालय (बीआरडी) के रैन बसेरे की व्यवस्था पूरी तरह बदहाल हो चुकी है। यहां तीमारदारों के ठहरने के लिए बनाए गए टिनशेड में न तो पंखों की व्यवस्था है और न ही कूलर लगाए गए हैं। भीषण गर्मी में तीमारदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
तीमारदारों का कहना है कि रैन बसेरे में बैठना तक मुश्किल हो गया है। गर्मी से राहत के लिए कोई इंतजाम नहीं है, जबकि ठंड से बचाव के लिए लगाए गए हीटर अब भी लटके हुए हैं, जिन्हें हटाने तक की जरूरत नहीं समझी गई। वहीं, अस्पताल के जिम्मेदार अधिकारी एसी कमरों में बैठकर हालात से बेखबर नजर आ रहे हैं।
करीब 100 बेड वाले इस अस्पताल में गाइनी, ईएनटी, सर्जरी और मेडिसिन सहित कई विभाग संचालित हो रहे हैं, लेकिन मरीजों के साथ आने वाले परिजनों के ठहरने की समुचित व्यवस्था नहीं है। अस्पताल परिसर में बने अस्थायी टिनशेड रैन बसेरे में महज पांच गद्दे डाले गए हैं, जिनमें से कई फटे हुए हैं।
गर्मी और अव्यवस्था के चलते तीमारदारों को रात गुजारना भी मुश्किल हो रहा है। इस संबंध में अस्पताल के सीएमएस डॉ. रंजीत दीक्षित ने बताया कि जल्द ही रैन बसेरे में पंखे लगवाए जाएंगे, ताकि तीमारदारों को राहत मिल सके।
ये भी पढ़ें :
Consumers की सहमति बिना प्रीपेड मीटर लगाए जाने पर उठे सवाल, नियामक आयोग से पोस्टपेड विकल्प बहाल करने की मांग
