सीतापुर पुलिस को बड़ी सफलता : 50 हजार का इनामी बदमाश ने किया सरेंडर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सीतापुर। उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले के थानगांव क्षेत्र में लूट के आरोपी 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि ग्राम खरेहटी मजरा गुवारी निवासी 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश ओमप्रकाश उर्फ संतोषी रावत ने आज अपनी मां के साथ थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। 

पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त की निशानदेही पर उसके घर में धान के भीतर छिपाकर रखे गए आभूषण बरामद किए गए हैं। इनमें तीन लॉकेट, एक जोड़ी कान के टॉप, दो गले की मालाएं, चार जोड़ी पायल, दो जोड़ी बिछुआ, घुंघरू के टुकड़े और एक छोटी सफेद धातु की पट्टी शामिल हैं। 

उल्लेखनीय है कि 31 जनवरी को महोलिया बाजार के बाहर एक ज्वेलर्स से बैग छीनकर दो बदमाश फरार हो गए थे। इस मामले में एक आरोपी की पहले ही गिरफ्तारी हो चुकी थी, जबकि ओमप्रकाश फरार चल रहा था। पुलिस के अनुसार अभियुक्त शातिर किस्म का अपराधी है और उसके खिलाफ करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। 

उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस महानिरीक्षक, लखनऊ परिक्षेत्र द्वारा 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त द्वारा अपराध से अर्जित संपत्ति की पहचान और जब्ती की कार्रवाई भी की जाएगी।  

संबंधित समाचार