बाराबंकी : जर्जर पानी की टंकी के नीचे पार्किंग, हादसे का बना खतरा, क्या घटना के बाद चेतेंगे जिम्मेदार?

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

देवा/बाराबंकी, अमृत विचार। कस्बा देवा के मजार रोड पर खड़ी जर्जर पानी की टंकी खतरे का कारण बनी हुई है, लेकिन नगर पंचायत प्रशासन इस ओर गंभीर नजर नहीं आ रहा। हैरानी की बात यह है कि कंडम घोषित टंकी के नीचे ही ठेकेदार द्वारा श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग कर वसूली की जा रही है, जिससे किसी भी समय बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।

सूत्रों के अनुसार नगर पंचायत द्वारा दिए गए पार्किंग ठेके के तहत नियमों को दरकिनार कर टंकी परिसर में ही रोजाना सैकड़ों वाहन खड़े कराए जा रहे हैं। यदि टंकी का कोई हिस्सा गिरता है, तो बड़ा हादसा हो सकता है। करीब 25 हजार की आबादी वाले देवा कस्बे को सूफी संत हाजी वारिस अली शाह की मजार के कारण पर्यटन नगरी का दर्जा प्राप्त है, जहां दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

तकनीकी अधिकारियों द्वारा पहले ही टंकी को जर्जर घोषित कर आसपास का क्षेत्र खाली कराने की सिफारिश की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद पार्किंग संचालन जारी है। स्थानीय लोगों में इसे लेकर आक्रोश है और उन्होंने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। इस संबंध में अधिशासी अधिकारी संध्या मिश्रा ने कहा कि मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

संबंधित समाचार