Rampur: नैनीताल हाइवे पर ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्राली में घुसी कार, एक की मौत, दो घायल

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बिलासपुर,अमृत विचार। नैनीताल हाईवे पर जीरो पॉइंट के पास तेज रफ्तार कार आगे चल रही ईटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। जिसके चलते कार में सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि महिला समेत चालक घायल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।
 
अल्मोड़ा उत्तराखंड के गांव सैनार निवासी प्रमोद सिंह पत्नी नंदिनी के साथ दिल्ली से टैक्सी में सवार होकर वापस अल्मोड़ा जा रहे थे। इस दौरान शनिवार की सवेरे तड़के साढ़े चार बजे जीरो पॉइंट के पास टैक्सी आगे चल रही ईटों से भरी ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गई। दुर्घटना के बाद टैक्सी चालक विजय मिश्रा तथा दंपति में चीख-पुकार मच गई। साथ ही मौके पर आस-पास के लोगों समेत राहगीरों की भारी भीड़ एकत्र हो गई। दुर्घटना की सूचना पर उपनिरीक्षक आकिल हुसैन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। 

बाद में पुलिस ने लोगों की मदद से कार फंसे लोगों को जैसे-तैसे बाहर निकालकर उपचार के लिए सीएचसी ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल प्रमोद सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं सूचना पर मृतक के परिजनों के सीएचसी  पहुंचने पर चीख-पुकार मच गई। प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है। साथ ही  क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है। कहा कि अभी कोई तहरीर नहीं आई है, तहरीर आने पर ही आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

संबंधित समाचार