कानपुर : दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में तीन युवकों की मौत, दो अन्य घायल

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में बिल्हौर के उत्तरीपुरा में दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक यह घटना शुक्रवार की आधी रात के आसपास जीटी रोड पर हुई। बिल्हौर के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) मंजय सिंह के अनुसार, तेज रफ्तार से चल रही दो मोटरसाइकिलें एक तीखे मोड़ पर आमने-सामने टकरा गईं।

एसीपी ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और दुर्घटना में शामिल सभी पांचों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि टक्कर की तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को इसकी सूचना दी। घायलों को शिवराजपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन युवकों रघुवर (21), जतिन उर्फ ​​बिहारी (20) और ओम (23) को मृत घोषित कर दिया।

इसके अलावा राहुल (20) की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें विशेष उपचार के लिए लाला लाजपत राय (एलएलआर) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक अन्य सवार कविता (22), को मामूली चोटों के लिए प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि दुर्घटना का कारण तेज गति और मोड़ पर नियंत्रण खोना था।

किसी भी सवार ने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे टक्कर और भी गंभीर हो गई। एएसपी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और दोनों मोटरसाइकिलें जब्त कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि औपचारिक शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार