Moradabad: बादलों के साथ लुकाछिपी करते रहे सूर्यदेव, ठंडी हवा ने दी राहत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। शनिवार को मौसम ने दिनभर रंग बदलते हुए लोगों को अलग-अलग एहसास कराए। सुबह की शुरुआत हल्की बारिश और ठंडी हवा के साथ हुई, जिससे वातावरण में ताजगी घुल गई। कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी ने मौसम को और भी सुहावना बना दिया। सुबह के समय आसमान पर घने बादल छाए रहे, जिससे धूप नहीं निकली और लोगों को गर्मी से राहत मिली।

दोपहर करीब 12 बजे के बाद मौसम ने करवट ली और सूर्यदेव बादलों की ओट से बाहर निकले। हालांकि, धूप निकलने के साथ हल्की गर्मी का एहसास जरूर हुआ, लेकिन लगातार चल रही ठंडी हवा ने लोगों को राहत पहुंचाई। हवा की रफ्तार ने तापमान को संतुलित बनाए रखा, जिससे चिलचिलाती गर्मी का असर देखने को नहीं मिला। 

दिनभर के उतार-चढ़ाव भरे इस मौसम में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम के इस बदले मिजाज ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं किसानों और आमजन के चेहरे पर संतोष भी नजर आया। देर शाम तेज हवा चलने से फिर मौसम ठंडा हो गया। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी ऐसे ही आंशिक बादल और हल्की बारिश की संभावना बनी रह सकती है, जिससे तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी की उम्मीद नहीं है।

संबंधित समाचार