सीएम युवा योजना : जिलों में तैनात होंगे 90 क्रेडिट काउंसलर, MSME को मिलेगा आसान ऋण मार्गदर्शन

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

1.5 लाख युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य, सिडबी और आईआईबीएफ के सहयोग व आरबीआई द्वारा अनुमोदित है ट्रिपल सी कोर्स

लखनऊ, अमृत विचार: सीएम युवा योजना को और प्रभावी बनाने के लिए प्रदेश सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और बैंकिंग प्रक्रियाओं को सरल बनाने के उद्देश्य से सर्टिफाइड क्रेडिट काउंसलर्स की विशेष ट्रेनिंग शुरू की गई है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद प्रदेश के विभिन्न जिलों में कुल 90 सर्टिफाइड काउंसलर तैनात किए जाएंगे, जो युवाओं और बैंकों के बीच सेतु की भूमिका निभाएंगे।

गोमतीनगर में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को दो चरणों में विभाजित किया गया है। पहले बैच में 50 जिलों और दूसरे बैच में 25 जिलों को शामिल किया गया है। यूपीकॉन के कर्मचारियों को भी इस प्रशिक्षण से जोड़ा जा रहा है, ताकि वे जमीनी स्तर पर युवाओं को योजनाओं का लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभा सकें। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सिडबी और आईआईबीएफ के सहयोग से संचालित किया जा रहा है, जिसे भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा अनुमोदित किया गया है। ट्रिपल सी कोर्स वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के लिए तैयार किया गया एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है, जो विशेष रूप से एमएसएमई क्षेत्र के लिए उपयोगी साबित होगा। प्रदेश सरकार ने इस वर्ष सीएम युवा योजना के तहत 1.5 लाख युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य रखा है। सरकार की इस पहल से अनुभवी पेशेवरों, विशेषकर सेवानिवृत्त बैंक अधिकारियों को भी अपनी विशेषज्ञता का उपयोग करने का अवसर मिलेगा।

काउंसलर्स की क्या होगी भूमिका

यूपीकॉन के एमडी प्रवीण सिंह ने बताया कि सर्टिफाइड क्रेडिट काउंसलर एमएसएमई उद्यमियों और बैंकिंग संस्थानों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी साबित होंगे। ये काउंसलर लाभार्थियों को उपयुक्त ऋण योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने, वित्तीय दस्तावेजों को व्यवस्थित करने और क्रेडिट प्रोफाइल मजबूत करने में सहयोग करेंगे। इससे युवाओं को बिना किसी जटिलता के ऋण प्राप्त करने में मदद मिलेगी।

संबंधित समाचार