दिव्यांग छात्रों को मिलेगा विशेष प्रशिक्षण और रोजगार का मौका, शकुंतला विश्वविद्यालय का अडानी समूह के साथ बड़ा समझौता, जानें पूरी details
लखनऊ, अमृत विचार : डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय ने अपने छात्रों को उद्योग जगत की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने के लिए अडानी समूह (अडानी सीमेंट) के साथ समझौता किया है। इसके तहत पाठ्यक्रमों में संशोधन के साथ विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही दिव्यांग विद्यार्थियों को विशेष औद्योगिक प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें रोजगार से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा।
कुलपति आचार्य संजय सिंह के नेतृत्व में हुए इस समझौते के तहत छात्रों को इंटर्नशिप, ऑन-फील्ड प्रशिक्षण और उद्योग विशेषज्ञों के व्याख्यान का अवसर मिलेगा। विश्वविद्यालय पाठ्यक्रम को उद्योग की मांग के अनुसार अपडेट करेगा, जिससे छात्रों की प्लेसमेंट दर बढ़ाई जा सके।
इसके अलावा छात्रों के लिए औद्योगिक भ्रमण कराए जाएंगे, ताकि वे कार्यप्रणाली को नजदीक से समझ सकें। संयुक्त शोध और नवाचार गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाएगा। दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से समावेशी प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार किए जाएंगे, जो उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप होंगे और उन्हें दिव्यांग-अनुकूल कार्यस्थलों का अनुभव भी कराया जाएगा।
