UP: किशोर ने नहीं किया था सुसाइड...10 साल के बेटे को बाप ने मारकर लटका दिया था
सहसवान, अमृत विचार। सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव तिगरा में 10 साल के बच्चे का शव पेड़ पर लटका मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्चे की मौत हैंगिंग बताई गई थी। पुलिस ने जांच की तो हैरानी करने मामला सामने आया। बच्चे ने फंदे पर झूलकर आत्महत्या नहीं बल्कि उसकी हत्या की गई थी। जो उसके पिता ने ही की थी। पुलिस ने बच्चे के आरोपी पिता को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।
गांव तिगरा निवासी विजय सिंह यादव का बेटे विशाल उर्फ गोपाल का शव 14 अप्रैल को पेड़ पर लटका मिला था। विजय सिंह ने खुद डायल 112 पुलिस को फोन करके बेटे की मौत की सूचना दी थी और हत्या की आशंका व्यक्त की थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। जिसमें सभी को आत्महत्या लग रही थी लेकिन रिपोर्ट में फोर्सफुल हैंगिंग आई। पुलिस को शक होने लगा। जिसके बाद 17 अप्रैल को मृतक के मामा उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव मलिकपुर निवासी राजेश पुत्र श्यामवीर सिंह की तहरीर पर पुलिस ने विजय सिंह पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी। खुलासे के लिए दो टीमों का गठन किया गया था। जांच के बाद पुलिस ने मृतक के पिता विजय सिंह पुत्र सौदान सिंह को रविवार को सहसवान-नाधा मार्ग से हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 14 अप्रैल को घर से रस्सी लेकर गया। रास्ते में खेल रहे विशाल को अपने साथ खेतों की ओर ले गया। अपने खेत की मेड़ पर लगे पेड़ के पास उसने विशाल की गर्दन पर रस्सी बांध दी। और पेड़ की टहनी पर रस्सी डालकर खींच दिया। वह इसे आत्महत्या दिखाना चाहता था। जिसके बाद वह वापस घर आ गया था। कुछ देर के बाद गांव के विजय पुत्र मुकेश पाल ने फोन करके बेटे की मौत की सूचना दी। बाद में वह परिजन और ग्रामीणों के साथ दिखावा करने को घटनास्थल पर गया था। परिजनों के अनुसार वह शराब पीने और जुआ खेलने आदी है। विशाल ने पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति पर टिप्पणी की थी। विजय सिंह को लगा कि पड़ोसी से विवाद होगा। जिसकी वजह से उसने हत्या कर दी। प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह ने बताया कि बेटे की हत्या करने के आरोपी पिता को गिरफ्तार करके जेल भेजा गया है।
