Comic-Con Experience : मेक्सिको में मचेगी राजामौली की फिल्म 'वाराणसी' की धूम, 2027 में सिनेमाघरों में देगी दस्तक

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

मुंबई। भारतीय सिनेमा के चर्चित निर्देशक एस. एस. राजामौली की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'वाराणसी' अब वैश्विक मंच पर दस्तक देने जा रही है। इस महत्त्वाकांक्षी फिल्म का अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन शुक्रवार को मैक्सिको में आयोजित 'कॉमिक कॉन एक्सपीरियंस' (सीसीएक्सपीएमएक्स26) में होगा, जिसे लेकर फिल्म प्रेमियों के बीच उत्साह चरम पर है।

आयोजकों ने बृहस्पतिवार को बताया कि राजामौली के बेटे एवं फिल्म के निर्माता एस. एस. कार्तिकेय इस तीन दिवसीय पॉप-कल्चर सम्मेलन में प्रशंसकों के लिए फिल्म की एक झलक पेश करेंगे और पहले कभी न देखे गए पर्दे के पीछे के दृश्य साझा करेंगे।

'सीसीएक्सपीएमएक्स26' ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज पर लिखा, "वैश्विक स्तर पर धूम मचाने वाली 'आरआरआर' के निर्माता की नयी पेशकश! भारतीय सिनेमा का भव्य रूप अब 'कॉमिक कॉन एक्सपीरियंस' में 'वाराणसी' पर एक विशेष सत्र के साथ पहुंचेगा। 

दूरदर्शी निर्देशक एस. एस. राजामौली के अगले महाकाव्य रोमांच की झलक पाने के लिए आइए और इसकी ताकत को महसूस कीजिए।" फिल्म 'वाराणसी' में राजामौली पहली बार तेलुगू सुपरस्टार महेश बाबू के साथ काम कर रहे हैं। 

इस फिल्म में महेश बाबू 'रुद्र' के मुख्य किरदार में नजर आएंगे। उनके साथ प्रियंका चोपड़ा जोनास भी अहम भूमिका में दिखाई देंगी, जो कई हॉलीवुड फिल्मों में काम करने के बाद भारतीय सिनेमा में वापसी कर रही हैं।

वहीं, पृथ्वीराज सुकुमारन फिल्म में खलनायक की भूमिका निभाते नजर आएंगे। हिंदू पौराणिक कथाओं से आंशिक रूप से प्रेरित इस फिल्म का शीर्षक भी भारत के उस शहर से लिया गया है, जिसे हिंदू धर्म की आध्यात्मिक राजधानी माना जाता है। फिल्म 'वाराणसी' के 2027 में रिलीज होने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें : 
Birthday Special: मनोज बाजपेयी की नई फिल्म 'गवर्नर' का पोस्टर रिलीज, दिखा सस्पेंस का तड़का

 

 

 

संबंधित समाचार