मुख्यमंत्री से मिली कृष्णावतारम की टीम, मथुरा से ट्रेलर लांच, जानें कब रिलीज होगी सनातन संस्कृति पर आधारित फिल्म
लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने की दिशा में एक और सकारात्मक संकेत सामने आया है। फिल्म ‘कृष्णावतारम पार्ट-1: द हार्ट’ की टीम ने शुक्रवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान फिल्म के निर्देशक हार्दिक गज्जर, निर्माता सज्जन राजगुरु, अभिनेता सिद्धार्थ गुप्ता और अभिनेत्री संस्कृति जयना मौजूद रहे।
मुलाकात के दौरान फिल्म की थीम, निर्माण और इसके संदेश को लेकर मुख्यमंत्री से विस्तार से चर्चा की गई। कलाकारों ने बताया कि फिल्म का ट्रेलर भगवान कृष्ण की नगरी मथुरा से लांच किया गया है और वे अपनी इस यात्रा की शुरुआत उत्तर प्रदेश से करना चाहते थे, इसलिए मुख्यमंत्री का आशीर्वाद लेने पहुंचे। यह फिल्म भारतीय सांस्कृतिक और आध्यात्मिक मूल्यों पर आधारित है, जिसे आधुनिक तकनीक और भव्यता के साथ प्रस्तुत किया गया है। निर्माताओं के अनुसार ‘कृष्णावतारम’ 7 मई को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
मुलाकात के दौरान उत्तर प्रदेश में फिल्म निर्माण की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। फिल्म टीम ने राज्य की फिल्म नीति और बेहतर होती सुविधाओं की सराहना की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी युवा कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें सार्थक और प्रेरणादायक सिनेमा बनाने के लिए प्रेरित किया।
