बहराइच में पेट्रोल डीजल की कमी नहीं, बोले डीएम अक्षय त्रिपाठी- अफवाहों पर न दें ध्यान

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में डीजल एवं पेट्रोल की आपूर्ति से जुड़ी समस्या के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाते हुए जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने कहा है कि जिले में पेट्रोलियम पदार्थों की कोई कमी नहीं है और अफवाहों पर ध्यान न दिया जाए। बृहस्पतिवार देर शाम विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी एवं बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों की उपस्थिति में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने ऑयल कंपनियों के विक्रय अधिकारियों तथा पेट्रोल पंप संचालकों के साथ बैठक कर आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा की।

बैठक में विधायक सुभाष त्रिपाठी ने सुझाव दिया कि जनपद के सभी पेट्रोल पंपों पर एक साथ तेल उपलब्ध कराया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को इधर-उधर भटकना न पड़े और अचानक मांग न बढ़े। इस पर ऑयल कंपनियों के अधिकारियों ने परिवहन वाहनों की कमी को बाधा बताया। विधायक ने वाहनों की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि पंपों का क्लस्टर बनाकर चरणबद्ध तरीके से एक साथ आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। पंप संचालकों ने छुट्टी के दिनों में भी डिपो खोलने, निर्धारित समय का सख्ती से पालन कराने तथा भीड़ के समय पुलिस बल उपलब्ध कराने की मांग रखी, जिस पर प्रशासन ने आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। डीएम ने जनपदवासियों से अपील की कि पेट्रोलियम पदार्थों के दाम बढ़ने की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक भंडारण से बचें।

उन्होंने चेतावनी दी कि कालाबाजारी करने वालों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत कार्रवाई के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत भी कठोर कदम उठाए जा सकते हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जनपद को सामान्य दिनों से अधिक मात्रा में पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति मिल रही है और जल्द ही वितरण से जुड़ी सभी समस्याएं समाप्त कर दी जाएंगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि केवल आवश्यकतानुसार ही डीजल और पेट्रोल की खरीद करें।

संबंधित समाचार