10 करोड़ की 151 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण, राज्यमंत्री बोले- क्षेत्र का विकास प्राथमिकता
रामसनेहीघाट, बाराबंकी, अमृत विचार : विकासखंड बनीकोडर में लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 151 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री सतीश चन्द्र शर्मा और ब्लॉक प्रमुख उर्मिला वर्मा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर उद्घाटन किया।
लोकार्पण कार्यक्रम में क्षेत्रभर से आए जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की भारी भीड़ रही, जिससे माहौल उत्साहपूर्ण और जनभागीदारी से भरा नजर आया। बताया गया कि योजनाओं के तहत 101 इंटरलॉकिंग सड़कें, 30 खड़ंजा मार्ग और 20 नाली निर्माण कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा और मूलभूत सुविधाओं में सुधार आएगा। राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने कहा कि क्षेत्र का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
प्रदेश सरकार के सभी योजनाओं का लाभ समाज के सभी पात्रों तक पहुंच रहा है। वहीं पूर्व ब्लॉक प्रमुख चंद्रशेखर वर्मा ने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जा रहा है और सभी ग्राम पंचायतों में समान रूप से योजनाएं लागू की जा रही हैं। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख उर्मिला वर्मा, निशिकांत वर्मा, खंड विकास अधिकारी विनय मिश्रा, राधेलाल वर्मा, रुपेश प्रताप ‘लकी’, प्रधान संघ अध्यक्ष प्रदीप सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।
