Bareilly:परीक्षा से निकले तो देना पड़ा सब्र का 'इम्तिहान'...ब्लॉक में फंसी अवध-असम 40 मिनट रुकी

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। आसमान से बरसती आग के साथ रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों की सुस्त चाल ने यात्रियों का पसीना निकालना शुरू कर दिया है। दूसरी तरफ रेल प्रशासन की तरफ से लिए जाने वाले ब्लॉक आम यात्रियों के सब्र का इम्तिहान ले रहे हैं। रविवार दोपहर बरेली जंक्शन पर अवध असम एक्सप्रेस ने यात्रियों का पसीना छुड़ा दिया। पहले जंक्शन लेट पहुंची अवध असम एक्सप्रेस को करीब 40 मिनट जंक्शन पर खड़ा कर दिया गया। 

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक मुरादाबाद-लखनऊ रेल मार्ग पर अलग-अलग सेक्शनों में रविवार को ब्लॉक लिए गए थे। जिसकी वजह से ट्रेनों को रोक-रोक कर चलाया जा रहा था। जिसकी वजह से ट्रेनों के इंतजार में यात्रियों को परेशान होना पड़ा। 15910 अवध असम एक्सप्रेस के इंतजार में प्लेटफार्म पर खड़े-खड़े यात्रियों की हालत खराब हो गई। अपने निर्धारित समय से दो घंटा से ज्यादा की देरी ट्रेन जंक्शन तो पहुंची मगर दिक्कत उस वक्त खड़ी हो गई जब 40 मिनट तक ट्रेन को प्लेटफार्म नंबर एक पर खड़ा कर दिया गया।

गर्मी में प्लेटफार्म पर ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों को जब ट्रेन के अंदर बैठकर उसके चलने का इंतजार करना पड़ा तो गर्मी की वजह से सांस लेना तक मुश्किल हो गया। खास तौर से जनरल और स्लीपर कोच के यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। करीब 2 घंटा 41 मिनट की देरी से ट्रेन को दोपहर ठीक तीन बजे रवाना किया गया। रेल अधिकारियों के मुताबिक पीतांबरपुर से टिसुआ के बीच ब्लॉक की वजह से ट्रेन को रोका गया था। यूपी होमगार्ड परीक्षा के चलते ट्रेनों में पहले ही भीड़ है। लिहाजा परीक्षार्थियों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों को स्टेशन पर सब्र का इम्तिहान देना पड़ा।

होमगार्ड भर्ती: रेलवे ने चलाईं परीक्षा स्पेशल ट्रेनें
यूपी होमगार्ड परीक्षा को देखते हुए रेल प्रशासन की तरफ से परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। जिसमें रविवार को 04351 लखनऊ-मुरादाबाद 00: 52 बजे, 04352 मुरादाबाद-लखनऊ 14:55 बजे, 04354 मुरादाबाद-लखनऊ 19:30 बजे बरेली जंक्शन से रवाना की गई। ये ट्रेनें इसी समय पर सोमवार को भी जंक्शन से रवाना होंगीं। इसके अलावा 04353 लखनऊ-मुरादाबाद सोमवार और मंगलवार को 05:57 बजे बरेली जंक्शन से रवाना होगी।

समर स्पेशल ट्रेनों ने कराया इंतजार
सबसे ज्यादा दिक्कत का सामना यात्रियों को समर स्पेशल ट्रेनों में करना पड़ा। नियमित ट्रेनों से अतिरिक्त किराया देने के बावजूद इन स्पेशल ट्रेनों की हालत सुधरने का नाम नहीं ले रही। 05102 नई दिल्ली गोरखपुर समर स्पेशल 6 घंटा से ज्यादा लेट चल रही थी। 04009 सीतामढ़ी जंक्शन-दिल्ली समर स्पेशल 7 घंटा 35 मिनट की देरी से बरेली जंक्शन पहुंची। इसके अलावा भी काफी संख्या में नियमित ट्रेनें भी लेट चल रहीं थीं।

संबंधित समाचार