Bareilly: कुलपति की कुर्सी पर लिखा 'वीसी लापता'...नहीं मिलने से आक्रोशित थे ABVP कार्यकर्ता
बरेली, अमृत विचार। छात्र समस्याओं को लेकर सोमवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ता महात्मा ज्योतिबा फुले रोहिलखंड विश्वविद्यालय पहुंचे और कुलपति से मिलने का प्रयास किया। कुलपति के उपलब्ध न होने पर नाराज कार्यकर्ताओं ने उनके कार्यालय में विरोध जताते हुए कुर्सी पर वीसी लापता का नोटिस चस्पा कर दिया।
इस दौरान प्रदर्शन कर रहे छात्रों की परीक्षा नियंत्रक और कुलसचिव से तीखी बहस भी हुई। पहले पहुंचे परीक्षा नियंत्रक का कार्यकर्ताओं ने घेराव किया और ज्ञापन देने से इनकार कर दिया। बाद में कुलसचिव और परीक्षा नियंत्रक दोनों के एक साथ आने पर काफी देर तक चली नोकझोंक के बाद ज्ञापन सौंपा गया। परिषद के प्रांत मंत्री आनंद कठेरिया ने कहा कि विश्वविद्यालय की वर्तमान व्यवस्थाओं से छात्र लगातार परेशान हैं।
परीक्षा परिणामों में गड़बड़ी, को-करिकुलर विषयों में बैक लगना और कई छात्रों को समान अंक दिए जाने जैसी शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने बताया कि परीक्षा फॉर्म भरने के दौरान विषयों का स्वत बदल जाना, सर्वर की धीमी गति, फॉर्म लॉक हो जाना और तकनीकी खामियां छात्रों की परेशानी बढ़ा रही हैं। इसके अलावा माइग्रेशन और प्रोविजनल डिग्री के शुल्क में वृद्धि पर भी नाराजगी जताई गई।
एबीवीपी ने मांग की है कि सभी समस्याओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए। साथ ही को-करिकुलर विषयों के परिणामों की दोबारा जांच, फॉर्म सुधार के लिए करेक्शन विंडो खोलने और शुल्क में कमी करने की भी मांग रखी गई है। परिषद ने चेतावनी दी कि जल्द समाधान न होने पर छात्रहित में आंदोलन तेज किया जाएगा।
