वाराणसी : युवक की पीट-पीटकर हत्या, परिजनों ने अस्पताल में किया हंगामा
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में आदमपुर थाना क्षेत्र के सक्का घाट इलाके में एक युवक की पीट-पीट कर हत्या कर देने का मामला सामने आया है। घायल नीरज को परिजन मंडली अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को मंडलीय अस्पताल कबीर चौरा के मॉर्चरी में रखवाया। आगे की कार्रवाई की जा रही है। नीरज (17) का परिवार घाट पर माला-फूल बेचने का काम करता है। नीरज भी परिवार के काम में हाथ बंटाता था। बताया जा रहा है कि रविवार देर रात नीरज के परिवार और दूसरे माला-फूल बेचने वाले परिवार के बीच विवाद हो गया।
महिलाओं के बीच शुरू हुआ यह विवाद धीरे-धीरे पुरुषों के बीच जंग का रूप लेने लगा। विवाद के दौरान विपक्षी पक्ष के लोगों ने नीरज पर ईंट, लाठी से प्रहार कर दिया, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। नीरज के भाई धीरज का आरोप है कि रविवार रात विवाद शुरू हुआ।
वीरेंद्र और रवींद्र का परिवार अक्सर उनके परिवार से माला-फूल लगाने वाले स्थान को लेकर विवाद करता रहता है। कल भी यही विवाद हुआ। वीरेंद्र केवट के परिवार वालों ने लाठियों, ईंटों और डंडों से हमला कर दिया, जिसमें नीरज की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया माला-फूल बेचने को लेकर विवाद हुआ था, जो आपसी झगड़े में बदल गया। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और नीरज के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जल्द ही चिन्हित लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
