Bareilly : चकबंदी कानूनगो 10 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार
एंटी करप्शन की टीम ने फतेहगंज पूर्वी रेलवे क्रासिंग के पास पकड़ा
बरेली, अमृत विचार। एंटी करप्शन की टीम ने चकबंदी कानूनगो को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
फतेहगंज पूर्वी के गांव खजुरिया निवासी राजीव ने एंटी करप्शन से शिकायत की थी कि जमीन की पैमाइश के लिए तहसील फरीदपुर का चकबंदी कानूनगो कमल सुधीर शुक्ला 10 हजार रुपये मांग रहा है। विभाग ने शिकायत का संज्ञान लेकर ट्रैप टीम का गठन कर डीएम से अनुमति लेकर कानूनगो को पकड़ने की योजना बनाई। बुधवार को ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सिंह टीम के अन्य सदस्यों के साथ पहुंचे। फतेहगंज पूर्वी रेलवे क्रासिंग के पास शाम 5: 22 बजे राजीव ने कानूनगो को 10 हजार रुपये दिए। कानूनगो ने रुपये लिए वैसे ही टीम ने उसे दबोच लिया। आरोपी को बरेली कार्यालय लाकर पूछताछ की। उसके बाद कोतवाली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है।
