Bareilly : पापा बेरहम..मासूम की जुबां से फूटे मम्मी की हत्या के गम

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

मां गीता यादव की चिता को नन्हे दृश्य ने दी मुखाग्नि, पिता भारत सिंह के बुरे बर्ताव से उठाया परदा

बरेली, अमृत विचार। सुभाषनगर क्षेत्र में गीता यादव की हत्या के बाद 11 साल के बेटे दृश्य ने हैरान कर देने वाली कहानी पुलिस को सुनाई है। पढ़ने की उम्र में उसे मां की चिता को मुखाग्नि देनी पड़ गई। हत्यारोपी पिता फरार है। बच्चे ने रुंधे गले से बताया है कि मम्मी और उनके प्रति पापा का बर्ताब खराब था। मां से बात नहीं करते थे। खर्चे को ठीक से पैसे भी नहीं देते थे। बाजार साथ तक नहीं ले जाते थे। फीस भी लेट जमा होती थी।

मासूम दृश्य ने पुलिस को बताया कि वह कई साल से फौजी पिता भारत सिंह का मां को प्रति खराब व्यवहार देख रहा था। साल में एक-दो बार ही घर आते थे। जैसे-तैसे मम्मी घर का खर्च चलाती थीं। फीस, कपड़े, दवा, खाना और दूसरी जरूरी चीजों के लिए बस 10-12 हजार रुपये भेजा करते थे। उसी में सब कुछ करना पड़ता था। पढ़ाई की बात आते ही उसकी रुलाई फूट पड़ी। बोला, मेरी फीस कई बार लेट जमा होती थी। कभी-कभार ही नए कपड़े मिलते थे। छोटी चीजों के लिए भी मन मारकर रहना पड़ता था। पापा हमें कभी बाजार भी नहीं ले जाते थे। उसकी बातें सुनकर वहां मौजूद हर व्यक्ति भावुक हो उठा। मां की मौत का गम उसकी आंखों से बरस रहा था। सवाल यह है कि इस दृश्य और उससे छोटा हर्ष के भविष्य की जिम्मेदारी कौन उठाएगा ? मां गीता की हत्या में सैनिक पिता भारत सिंह यादव आरोपी है और पुलिस उसको खोज रही है। गीता की हत्या के बाद उसके ससुराल पक्ष ने पूरी तरह बच्चों से मुंह मोड़ लिया है। मायकेवाले तड़प रहे हैं और हत्यारोपी पति के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। ---

बहू के अंतिम संस्कार में झांकने तक नहीं आए ससुराली
वैष्णो धाम कॉलोनी में हुए गीता हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। कार्रवाई की मांग को लेकर मायकेवाले दो दिन तीसरे दिन 11 साल के बेटे ने पुलिस की मौजूदगी मां को मुखाग्नि दी। हालांकि ससुराल पक्ष का कोई सदस्य नहीं पहुंचा। पुलिस के अनुसार, पत्नी गीता की हत्या के बाद से फरार भगत सिंह यादव की
सुभाषनगर के वैष्णों धाम कॉलोनी निवासी भारत सिंह यादव सेना कार्यरत है। पत्नी गीता की 21 अप्रैल को हत्या कर दी थी। सीसीटीवी में हत्यारोपी पति कैद हो गया था। गीता हत्याकांड में मायकेवालों ने पति भारत सिंह, जेठ व ससुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना के बाद से सभी फरार हैं। मायकेवालों में आक्रोश इस बात को लेकर भी था कि तीन दिन बीतने के बाद भी ससुराल पक्ष से कोई झांकने नहीं आया। किसी ने बच्चों को भी नहीं सुध ली। गुरुवार तक मायकेवाले इस बात पर अड़े रहे कि आरोपियों की गिरफ्तारी न होने तक गीता के शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। शव को सीओ आफिस तक ले जाने की बात उठने लगी थी। पता होते ही सीओ अंजनी तिवारी मौके पर पहुंच गए और लोगों को समझाकर शांत किया। पुलिस टीमें दबिशें देती रहीं मगर कोई आरोपी नहीं मिला। जल्द गिरफ्तारी के आश्वासन पर आज गीता का अंतिम संस्कार किया गया।

17 अप्रैल से छुट्टी पर था भगत सिंह
गीता के मायकेवालों का कहना है कि भगत सिंह 17 अप्रैल से छुट्टी पर चल रहा था। हालांकि वह पत्नी के पास नहीं आया था और दूसरी किसी जगह रुका था। पुलिस को जांच में पता चला है कि 21 अप्रैल यानी घटना वाले दिन बदायूं से बरेली आया और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। 

गीता यादव के शव का अंतिम संस्कार हो गया है। घटना की तह में जाने के लिए कॉल डिटेल खंगाली जा रही हैं। जल्द ही जांच कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। -सतीश नैन, इंस्पेक्टर सुभाषनगर। 

संबंधित समाचार