लखनऊ का जनेश्वर मिश्र पार्क बना आधुनिक स्केटिंग ट्रैक, खिलाड़ियों को मिली नई रफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

-मुख्यमंत्री से मिले नन्हे स्केटर, सुरक्षित ट्रैक मिलने पर जताया आभार

लखनऊ, अमृत विचार: जेवर विधानसभा के विधायक धीरेंद्र सिंह के देखरेख में स्केटिंग करने वाले दो दर्जन से अधिक बच्चों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कालिदास मार्ग स्थित उनके सरकारी आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान खिलाड़ियों ने जनेश्वर मिश्र पार्क में आधुनिक स्केटिंग ट्रैक के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल में भारतीय महिला वॉलीबॉल टीम की पूर्व कप्तान और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी निर्मल तवर भाटी भी शामिल रहीं। 

मुलाकात के दौरान बच्चों ने बताया कि पहले उन्हें ऊबड़-खाबड़ और जर्जर सड़कों पर अभ्यास करना पड़ता था, जिससे तकनीक प्रभावित होती थी और चोट का खतरा बना रहता था। अब अंतरराष्ट्रीय मानकों के सुरक्षित ट्रैक मिलने से उनके अभ्यास में सुधार आया है और उनके सपनों को नई दिशा मिली है। विधायक धीरेंद्र सिंह ने बताया कि वर्ष-22 में बच्चों ने अपनी समस्याएं साझा की थीं, जिसके बाद इस परियोजना की नींव रखी गई। 

मुख्यमंत्री की पहल से आज यह सुविधा खिलाड़ियों को उपलब्ध हो सकी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए निरंतर अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे उत्तर प्रदेश खेल के क्षेत्र में अग्रणी बन सके।

200 मीटर का आधुनिक ट्रैक तैयार

जनेश्वर मिश्र पार्क में लगभग 200 मीटर लंबे आधुनिक स्केटिंग ट्रैक का निर्माण करीब 45 लाख रुपये की लागत से किया गया है। इसके अलावा लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से क्रिकेट ग्राउंड, फुटबॉल फील्ड, लॉन टेनिस कोर्ट, बैडमिंटन कोर्ट, पैडल बॉल कोर्ट, कैफेटेरिया, जिम और फिजियोथेरेपी सेंटर सहित कई खेल सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

अब आसान हुआ अभ्यास

अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी निर्मल तवर भाटी ने कहा कि बेहतर सुविधाएं खिलाड़ियों को ऊंचाइयों तक पहुंचाती हैं। स्केटिंग खिलाड़ी ऋषिता चतुर्वेदी और गोत्रा देशपांडे ने बताया कि अब सुरक्षित ट्रैक मिलने से चोट का डर खत्म हुआ है और बड़े स्तर पर खेलने का आत्मविश्वास बढ़ा है।कोच अंजनी सिंह कुशवाहा ने इसे खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बताया।

स्केटिंग ग्राउंड बना युवाओं के सपनों का रनवे

राजधानी लखनऊ के जनेश्वर मिश्र पार्क में तैयार अत्याधुनिक स्केटिंग ग्राउंड अब खेल सुविधा से आगे बढ़कर युवाओं के सपनों का रनवे बन गया है। यहां अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया है।

जनेश्वर मिश्र पार्क में तैयार अत्याधुनिक सुविधा से मिली नई उड़ान

खिलाड़ियों द्वारा भेजे गए पत्र में इस परियोजना को “युवा-केंद्रित और दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम” बताया गया है। उनका कहना है कि पहले जहां बच्चे सड़कों पर जोखिम उठाकर अभ्यास करने को मजबूर थे, वहीं अब उन्हें सुरक्षित, आधुनिक और पेशेवर वातावरण मिल रहा है।

सुरक्षित माहौल मिलने से सड़कों से स्टेडियम तक पहुंची नई पीढ़ी

बच्चों ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि आपने हमें सड़कों से निकालकर स्टेडियम तक पहुंचाया है, अब हमारा लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचना है। खिलाड़ियों ने 16 जुलाई 2022 की उस मुलाकात को भी याद किया, जब उन्होंने अपनी समस्याएं सीधे मुख्यमंत्री के सामने रखी थीं। उनका कहना है कि उस समय मिला आश्वासन अब हकीकत बन चुका है और यह स्केटिंग ग्राउंड उसी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

युवाओं के भविष्य को मिला नया प्लेटफॉर्म

कोच अंजनी कुशवाहा के साथ आद्विका चौरसिया, श्रुति श्रीवास्तव, नफीसा नवाज, वृद्धि कश्यप, सुजैन नवाज, प्रीत मिश्रा, अव्याना सिंह, सिद्धि ऋषिता चतुर्वेदी, अजान खान, समायरा, आयमान काकोर, शिवाय पाठक, शाहजैब नवाज, हैदर नवाज, गोत्रा देशपांडे, आश्चर्य खरे, राघवन श्रीवास्तव, निखिल यादव और अन्य खिलाड़ियों ने भी इस पहल के लिए आभार व्यक्त किया।

ये भी पढ़े :
लखनऊ में स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं में मचा हाहाकार, दिन में 1123 रुपये बैलेंस, शाम को हो गया निगेटिव 

संबंधित समाचार